मोबाइल ग्रुप बन रहे अपराधी गैंग का आधार, सतर्क रहें और पुलिस को दें सूचना : सीओ परमानंद कुशवाहा

रामपुर, जौनपुर। थाना रामपुर परिसर में बुधवार शाम क्षेत्राधिकारी मड़ियाहूं परमानंद कुशवाहा की अध्यक्षता में व्यापारियों, पेट्रोल पंप संचालकों, पत्रकारों एवं क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक का उद्देश्य अपराध नियंत्रण, सामाजिक सुरक्षा तथा युवाओं को अपराध की राह पर जाने से रोकने के लिए जनसहयोग प्राप्त करना रहा।

बैठक को संबोधित करते हुए सीओ परमानंद कुशवाहा ने कहा कि वर्तमान समय में व्हाट्सएप, इंस्टाग्राम और अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर बड़ी संख्या में युवाओं द्वारा विभिन्न मोबाइल ग्रुप बनाए जा रहे हैं। शुरुआत में ये समूह सामान्य संवाद और आपसी संपर्क के लिए बनाए जाते हैं, लेकिन समय के साथ कुछ समूहों की गतिविधियां संदिग्ध होने लगती हैं और कई बार यही समूह संगठित होकर अपराधी गैंग का रूप धारण कर लेते हैं।

उन्होंने कहा कि कुछ ग्रुप अपने नाम, पोस्ट और गतिविधियों के माध्यम से समाज में भय और दबदबा कायम करने का प्रयास करते हैं। आधुनिक जीवनशैली, बढ़ती आर्थिक आवश्यकताओं और कम समय में अधिक सफलता पाने की चाहत के चलते कुछ युवा गलत रास्तों की ओर आकर्षित हो जाते हैं, जिससे अपराध की प्रवृत्ति विकसित होने लगती है। ऐसे में समाज और अभिभावकों की जिम्मेदारी और भी बढ़ जाती है।

सीओ ने उपस्थित लोगों से अपील करते हुए कहा कि यदि किसी मोबाइल ग्रुप अथवा उसके सदस्यों की गतिविधियां संदिग्ध प्रतीत हों तो इसकी सूचना तत्काल पुलिस को दें। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी तथा पुलिस द्वारा आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

उन्होंने कहा कि अपराध पर प्रभावी नियंत्रण केवल पुलिस के प्रयासों से संभव नहीं है। इसके लिए समाज के सभी वर्गों का सहयोग आवश्यक है। पुलिस और जनता के बीच बेहतर समन्वय स्थापित होने पर अपराधियों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई की जा सकती है तथा क्षेत्र में शांति, सुरक्षा और कानून व्यवस्था को मजबूत बनाया जा सकता है।

बैठक में थाना रामपुर के प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार, नगर पंचायत अध्यक्ष विनोद कुमार जायसवाल, पेट्रोल पंप संचालक अंशुमान तिवारी, अशोक दुबे, रमेश यादव, विभिन्न समाचार पत्रों के पत्रकार, व्यापारी तथा क्षेत्र के अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। इस दौरान कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने और अपराध नियंत्रण में जनसहयोग की भूमिका पर विस्तार से चर्चा की गई। अधिकारियों ने लोगों से पुलिस के साथ निरंतर संवाद बनाए रखने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल देने की अपील की।

रिपोर्टर

संबंधित पोस्ट