आरक्षण घोटाले का आरोप लगाकर सपा ने सरकार को घेरा, गांव-गांव चलाएगी जागरूकता अभियान
- श्याम नारायण मौर्य, संवाददाता आजमगढ़
- Jun 02, 2026
- 21 views
आजमगढ़। समाजवादी पार्टी ने प्रदेश सरकार पर पिछड़े, दलित और अल्पसंख्यक वर्गों के आरक्षण अधिकारों में कटौती करने का आरोप लगाते हुए जिला कार्यालय पर प्रेस वार्ता आयोजित की। पार्टी नेताओं ने दावा किया कि प्रदेश के विभिन्न विभागों में हुई नियुक्तियों में आरक्षित वर्गों के हजारों पद सामान्य वर्ग को देकर आरक्षण व्यवस्था का उल्लंघन किया गया है।प्रेस वार्ता में वक्ताओं ने कहा कि 22 विभागों में हुई नियुक्तियों के कुल 93,809 पदों में से 11,514 पद आरक्षित वर्गों के हिस्से से प्रभावित हुए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार के कार्यकाल में पिछड़े और दलित वर्गों के संवैधानिक अधिकारों को लगातार कमजोर किया जा रहा है। नेताओं ने कहा कि आरक्षण की व्यवस्था संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अंबेडकर के संघर्ष का परिणाम है और इसे किसी भी कीमत पर कमजोर नहीं होने दिया जाएगा।सपा नेताओं ने बढ़ती महंगाई, बेरोजगारी, भ्रष्टाचार तथा सरकारी नौकरियों में आउटसोर्सिंग व्यवस्था को भी निशाने पर लिया। उनका आरोप था कि समूह ‘ग’ और ‘घ’ की नौकरियों को आउटसोर्सिंग के माध्यम से भरकर गरीब, पिछड़े, दलित और अल्पसंख्यक वर्गों के युवाओं को रोजगार के अवसरों से वंचित किया जा रहा है।पार्टी ने घोषणा की कि उसके विधायक, पदाधिकारी और कार्यकर्ता गांव-गांव जाकर लोगों को आरक्षण से जुड़े मुद्दों और सरकार की नीतियों के बारे में जागरूक करेंगे। साथ ही वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में संविधान और सामाजिक न्याय के मुद्दों को प्रमुखता से उठाने की बात कही गई।प्रेस वार्ता में जिलाध्यक्ष हवलदार यादव, पूर्व मंत्री एवं विधायक दुर्गा प्रसाद यादव, एमएलसी शाह आलम गुड्डू जमाली, विधायक डॉ. संग्राम यादव, नफीस अहमद, डॉ. एम. सिंह पटेल, जयराम सिंह पटेल, अजीत कुमार राव, लल्लन चौहान, बबीता चौहान, देवनाथ साहू, कुणाल मौर्य, जी.एस. प्रियदर्शी, संतोष कुमार गौतम, विवेक सिंह, विनीत राय, दिनेश विश्वकर्मा, इं. अभिषेक यादव, जिला पंचायत सदस्य पप्पू यादव, हंसराज, प्रदीप यादव समेत बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी मौजूद रहे।


रिपोर्टर