भिवंडी में 11-12 अप्रैल को 24 घंटे पानी सप्लाई बंद, मनपा ने बदली शटडाउन की तारीख

भिवंडी। भिवंडी-निजामपुर शहर महानगरपालिका ने पानी सप्लाई को लेकर अहम अपडेट जारी किया है। पहले प्रस्तावित 8-9 अप्रैल का 24 घंटे का शटडाउन अब रद्द कर दिया गया है। इसके स्थान पर अब 11 अप्रैल (शनिवार) सुबह 9 बजे से 12 अप्रैल (रविवार) सुबह 9 बजे तक पानी सप्लाई पूरी तरह बंद रहेगी।मनपा प्रशासन के अनुसार, स्टेम वॉटर डिस्ट्रीब्यूशन एंड कंपनी द्वारा प्री-मानसून मेंटेनेंस और मरम्मत कार्य के चलते यह शटडाउन लिया जा रहा है। इस दौरान भिवंडी शहर को स्टेम के माध्यम से मिलने वाला पानी पूरी तरह बंद रहेगा। इतना ही नहीं, शटडाउन के बाद अगले एक दिन तक नागरिकों को कम दबाव और कम मात्रा में पानी मिलने की संभावना है, जिससे जल संकट और गहरा सकता है। मनपा ने नागरिकों से अपील की है कि वे पहले से पानी का पर्याप्त भंडारण कर लें और प्रशासन को सहयोग करें। इस शटडाउन का असर शहर के चाविंद्रा, नारपोली, शिवाजीनगर, कल्याण रोड, अंजूरफाटा, देवजीनगर, इस्लामपुरा, अवचितपाडा, म्हाडा कॉलोनी, नेहरूनगर, मिल्लतनगर, कणेरी, कोटरगेट, भादवड, टेमघर सहित दर्जनों इलाकों पर पड़ेगा। पानी आपूर्ति विभाग के प्र. कार्यकारी अभियंता संदीप पटनावर ने नागरिकों से संयम बरतने और जल संकट के दौरान आवश्यक सावधानी रखने की अपील की है।

रिपोर्टर

संबंधित पोस्ट