धूमधाम से मना वेदांता महोत्सव का दसवां संस्करण, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने मोहा मन
- श्याम नारायण मौर्य, संवाददाता आजमगढ़
- Jan 06, 2026
- 37 views
आजमगढ़। शहर के लक्षीरामपुर स्थित वेदांता स्कूल ऑफ नर्सिंग एंड पैरामेडिकल साइंस के प्रांगण में दसवां वेदांता महोत्सव बड़े ही हर्षोल्लास एवं धूमधाम के साथ आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ बतौर मुख्य अतिथि मंडलायुक्त विवेक कुमार, विशिष्ट अतिथि सीएमओ डॉ. नन्हकू राम वर्मा, एसपी ग्रामीण चिराग जैन तथा वेदांता ग्रुप के चेयरमैन डॉ. शिशिर जायसवाल, डायरेक्टर विशाल जायसवाल, मैनेजिंग डायरेक्टर आलोक जायसवाल एवं रित्विक जायसवाल द्वारा मां सरस्वती व फ्लोरेंस नाइटेंगल के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर एवं दीप प्रज्वलन से किया गया।इसके उपरांत वेदांता ग्रुप की ओर से आगंतुक अतिथियों का अंगवस्त्रम व स्मृति चिन्ह भेंट कर स्वागत किया गया। ऑडिटोरियम हॉल के उद्घाटन के साथ ही नर्सिंग विद्यार्थियों द्वारा कांतारा, अघोरी, राजस्थानी व हरियाणवी नृत्य, शिव तांडव, महाभारत, भूख, ऑपरेशन सिंदूर, यमराज की अदालत, महिला क्रिकेट और सोशल मीडिया विषयों पर आधारित सांस्कृतिक कार्यक्रमों व नाट्य मंचन की शानदार प्रस्तुतियां दी गईं, जिसने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।कार्यक्रम के दौरान मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने नर्सिंग विद्यार्थियों को शपथ दिलाई। शिक्षा व मंचीय प्रस्तुतियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले बीएससी, जीएनएम, एएनएम एवं पैरामेडिकल के विद्यार्थियों को मंडलायुक्त द्वारा प्रशस्ति पत्र व मोमेंटो प्रदान कर सम्मानित किया गया। वहीं, वेदांता ग्रुप की ओर से बलिया व गाजीपुर से आए स्वतंत्रता सेनानियों को भी सम्मानित किया गया।अपने संबोधन में मंडलायुक्त विवेक कुमार ने कहा कि वेदांता ग्रुप शिक्षा और स्वास्थ्य—समाज के विकास की दो प्रमुख रीढ़—दोनों क्षेत्रों में सराहनीय कार्य कर रहा है, जिस पर गर्व महसूस होता है। चेयरमैन डॉ. शिशिर जायसवाल ने कहा कि किसी भी मरीज के उपचार में डॉक्टरों के साथ-साथ नर्सों का योगदान अत्यंत महत्वपूर्ण होता है। डायरेक्टर विशाल जायसवाल ने बताया कि वेदांता ने अपनी सफलता के दस वर्ष पूरे कर लिए हैं। वर्ष 2012 में पूर्व राष्ट्रपति स्व. डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम के कर-कमलों से इसकी नींव रखी गई थी। विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास हेतु यह महोत्सव प्रतिवर्ष आयोजित किया जाता है।कार्यक्रम में अति विशिष्ट अतिथियों के रूप में एडीएम राहुल विश्वकर्मा, एसपी सिटी मधुबन सिंह, सीओ सिटी शुभम तोंदी, सीओ सदर आस्था जायसवाल, एसीएमओ अरविंद चौधरी, एसीएमओ अलिंद कुमार, संभागीय खाद्य नियंत्रक राजीव मिश्रा, प्रयागराज से डॉ. लाल चंद शुक्ल (प्रोफेसर), भाजपा नेता मनोज यादव, संदीप सिंह सोनू, चंदन अग्रवाल, रुचि अग्रवाल, पूनम शुक्ला, लाल बहादुर त्यागी सहित शिक्षकगण व स्टाफ उपस्थित रहे। अंत में प्रो. डॉ. रीना पाण्डेय ने धन्यवाद ज्ञापित किया। कार्यक्रम का संचालन एंकर अभय तिवारी ने किया।


रिपोर्टर