भिवंडी में सपा के टिकट बंटवारे से सियासी भूचाल

विधायक रईस कासम शेख और अबू आज़मी में खटास


भिवंडी। भिवंडी निजामपुर शहर महानगर पालिका चुनाव के लिए टिकट बंटवारे को लेकर  समाजवादी पार्टी में अंदरूनी कलह खुलकर सामने आ गई है। भिवंडी से सपा विधायक रईस कासम शेख और पार्टी के वरिष्ठ नेता अबू आज़मी के बीच मतभेद बढ़ने की चर्चा राजनीतिक हलकों में तेज हो गई है। बताया जा रहा है कि पार्टी कमेटी द्वारा विधायक के समर्थकों को टिकट नहीं दिए जाने से नाराज़गी गहराई है।

समाजवादी पार्टी द्वारा जारी उम्मीदवारों की सूची के अनुसार भिवंडी पूर्व विधानसभा क्षेत्र से 35 उम्मीदवारों को टिकट दिया गया है, जबकि भिवंडी पश्चिम विधानसभा क्षेत्र से 26 उम्मीदवार मैदान में उतारे गए हैं। इस तरह कुल 61 वार्डों में सपा ने अपने प्रत्याशी घोषित किए हैं। टिकट वितरण को लेकर यह भी चर्चा है कि वर्ष 2019 में कांग्रेस पार्टी से बगावत कर सपा में शामिल हुए 18 तत्कालीन नगरसेवकों के परिवार के सदस्यों को इस बार टिकट दिए गए हैं। इसे लेकर पार्टी के भीतर असंतोष की स्थिति बनी हुई है। सूत्रों के अनुसार इसी असंतोष के चलते विधायक रईस कासम शेख ने अपने कई समर्थकों को राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरद पवार गुट) और कांग्रेस से टिकट दिलवाने में भूमिका निभाई है। ये उम्मीदवार अब सपा प्रत्याशियों के सामने सीधी चुनौती के रूप में खड़े हो गए हैं। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि टिकट बंटवारे से सामने आई यह अंदरूनी खींचतान समाजवादी पार्टी के लिए भिवंडी मनपा चुनाव में मुश्किलें बढ़ा सकती है। पार्टी नेतृत्व हालात संभालने की कोशिश में जुटा है, लेकिन इसका असर चुनावी परिणामों पर पड़ सकता है।

रिपोर्टर

संबंधित पोस्ट