भिवंडी में पूर्व नगरसेवक पर बिजली चोरी का मामला दर्ज
- महेंद्र कुमार (गुडडू), ब्यूरो चीफ भिवंडी
- Oct 02, 2025
- 1022 views
भिवंडी। टोरेंट पावर कंपनी की सतर्कता टीम ने भिवंडी में बड़ी कार्रवाई करते हुए बिजली चोरी का भंडाफोड़ किया है। इस मामले में भिवंडी शहर मनपा के पूर्व नगरसेवक मतलूब सरदार उर्फ मतलूब अफजल खान पर बिजली चोरी का आरोप लगा है। कंपनी की ओर से दर्ज शिकायत के आधार पर भिवंडी के शांतिनगर पुलिस थाने में मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार टोरेंट पॉवर कंपनी के सतर्कता अधिकारी शंकर गणपति सावरतकर ने 19 सितम्बर की दोपहर 4 बजे के करीब टीम ने उनके मकान का निरीक्षण किया। जांच के दौरान पाया गया कि खान मतलूब ने दो काले रंग की तारों के माध्यम से सीधा कनेक्शन लेकर भारी मात्रा में बिजली का उपयोग किया। आरोपी द्वारा 9165 वॉट लोड के उपकरण चलाए जा रहे थे, जिनमें पंखे, फ्रिज, टीवी, एसी, वॉशिंग मशीन और अन्य घरेलू उपकरण शामिल हैं।
कंपनी की रिपोर्ट में बताया गया कि आरोपी ने अवैध तरीके से 21,450 यूनिट बिजली का उपयोग किया, जिसकी कीमत लगभग 7 लाख 51 हजार रुपये आंकी गई है। उल्लेखनीय है कि मतलूब सरदार पहले भी बिजली चोरी के मामले में पकड़े जा चुके हैं। वर्ष 2022 में भी उन पर बिजली चोरी का मामला दर्ज हुआ था, जिसमें 5 लाख 60 हजार रुपये से अधिक का बिल लगाया गया था। इसके बावजूद उन्होंने दोबारा यही अपराध किया। इस कार्रवाई के दौरान बिजली चोरी में इस्तेमाल की गई तार और अन्य सामग्री जब्त की गई है। पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है। टोरेंट पावर कंपनी ने उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे वैध कनेक्शन का उपयोग करें और चोरी जैसी गतिविधियों से दूर रहें, अन्यथा सख्त कार्रवाई की जायेगी।


रिपोर्टर