पद्म विभूषण पंडित छन्नूलाल मिश्र की तबीयत नाजुक, BHU के ICU में भर्ती
- श्याम नारायण मौर्य, संवाददाता आजमगढ़
- Sep 14, 2025
- 105 views
आजमगढ़। बनारस घराने के प्रख्यात शास्त्रीय गायक, पद्म भूषण और पद्म विभूषण से सम्मानित आदरणीय पंडित छन्नूलाल मिश्र की तबीयत कल से बेहद नाजुक बनी हुई है। उन्हें वाराणसी के बीएचयू अस्पताल के आईसीयू में भर्ती कराया गया है, जहां अभी तक वे बेहोशी की हालत में हैं। जिला प्रशासन और जनप्रतिनिधि लगातार उनके स्वास्थ्य की देखरेख में लगे हुए हैं।आजमगढ़ के हरिहरपुर संगीत घराना और पूरे क्षेत्र में उनके स्वास्थ्य लाभ की कामना के लिए प्रार्थना हो रही है। संस्था प्रमुख व ग़ज़ल गायक अजय मिश्र ‘मिश्र’ ने बताय चाचा जी पंडित छन्नूलाल मिश्र हमारे लिए प्रेरणा-स्रोत रहे हैं। कितनी बार कजरी महोत्सव, संगीत उत्सव से लेकर तीन बार आजमगढ़ महोत्सव में मैंने निवेदन किया और उन्होंने सदैव अपने बच्चे की तरह समझ कर हरिहरपुर व आजमगढ़ आकर प्रस्तुति दी। उनका सहयोग हमेशा मिलता रहा।”
उन्होंने आगे कहा—“पंडित जी भले ही बनारस में रहते हों, लेकिन उनका जन्मस्थान हरिहरपुर संगीत घराना आजमगढ़ है, जिससे उन्होंने हमारे जनपद का मान-सम्मान बढ़ाया है। जब भी हरिहरपुर आते थे तो कलाकारों के बीच बैठकर संगीत चौपाल जम जाती थी। वे संगीत के गहरे ज्ञान से सबको मार्गदर्शन देते थे। आज उनकी तबीयत खराब होने की खबर से पूरा घराना स्तब्ध है और कलाकार अपने कुलदेवी-कुलदेवता से उनके शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की प्रार्थना कर रहे हैं।”संस्था प्रमुख अजय मिश्र ने सभी संगीत प्रेमियों और शुभचिंतकों से अपील की है कि पंडित जी के स्वस्थ होने हेतु ईश्वर से प्रार्थना करें, ताकि वे जल्द स्वस्थ होकर घर लौट सकें।


रिपोर्टर