
कर्तव्यनिष्ठ पत्रकारिता का सम्मान: डॉ. किशोर पाटील को राज्यस्तरीय 'गुणगौरव पुरस्कार 2025' से सम्मानित
- महेंद्र कुमार (गुडडू), ब्यूरो चीफ भिवंडी
- Jul 13, 2025
- 243 views
ग्रामीण पत्रकारिता, निर्भीक लेखन और सामाजिक सरोकारों के लिए मिला राज्यस्तरीय गौरव
भिवंडी। मराठी पत्रकारिता में वैचारिक स्पष्टता, सामाजिक जिम्मेदारी और ग्रामीण मुद्दों को मुखरता से उठाने के लिए जाने जाने वाले ‘स्वराज्य तोरण’ के संपादक डॉ. किशोर बलीराम पाटील को महाराष्ट्र राज्य मराठी पत्रकार संघ की ओर से गुणगौरव पुरस्कार 2025 से सम्मानित किया गया है। यह सम्मान उन्हें शनिवार, 12 जुलाई 2025 को ठाणे के कोर्ट नाका स्थित टाउन हॉल में आयोजित राज्यस्तरीय कार्यशाला व पत्रकार सम्मेलन के अवसर पर प्रदान किया गया।इस पुरस्कार का वितरण पत्रकार संघ के प्रदेशाध्यक्ष वसंतराव मुंडे के हाथों संपन्न हुआ। कार्यक्रम में मंच पर राज्य कार्याध्यक्ष प्रवीण सपकाले, सरचिटणीस जगदीश सोनवणे, राज्य उपाध्यक्ष डॉ. दिलीप कोठावदे, कोकण विभाग के संघटक अरुण बिराजदार, राज्य सल्लागार प्रमोद इंगले, ठाणे जिल्हाध्यक्ष शंकर करडे, नवी मुंबई जिल्हाध्यक्ष राजेंद्र बोडके, तथा आयोजन प्रमुख व ठाणे शहर जिल्हाध्यक्ष नितीन मनोहर शिंदे जैसे कई मान्यवर उपस्थित थे।
डॉ.पाटील ने बीते दो दशकों से अधिक समय से ग्रामीण पत्रकारिता के माध्यम से किसानों, श्रमिकों, वंचित समुदायों और आम जनता की समस्याओं को निर्भीकता से उजागर किया है। उनकी पत्रकारिता की विशेषता सामाजिक नीतियों का विश्लेषण, सरकारी योजनाओं की समीक्षा, प्रशासन की लापरवाही और राजनीतिक मुद्दों पर संतुलित व तथ्यात्मक लेखन रही है।एक संपादक के रूप में उन्होंने सिर्फ समाचार संपादन नहीं किया, बल्कि समाजप्रबोधन का कार्य भी निरंतर किया है। उनकी लेखनशैली स्पष्ट, संतुलित और विचारोत्तेजक मानी जाती है, जिससे पाठकों को सोचने की दिशा मिलती है। इन्हीं गुणों की सराहना करते हुए उन्हें 'गुणगौरव पुरस्कार 2025' से सम्मानित किया गया।इस समारोह का उद्देश्य समाज के विभिन्न क्षेत्रों—जैसे डॉक्टर, पुलिसकर्मी, शिक्षक, वकील, पत्रकार और विद्यार्थियों—में उल्लेखनीय कार्य करने वालों को राज्यस्तरीय मंच पर सम्मानित करना था। आयोजकों का मानना है कि ऐसे व्यक्तित्वों से समाज को प्रेरणा मिलती है और सकारात्मक बदलाव की दिशा मिलती है।राज्यस्तरीय इस कार्यक्रम का आयोजन पत्रकार संघ के राज्य संघटक तथा ठाणे शहर अध्यक्ष नितीन मनोहर शिंदे और उनकी समर्पित टीम द्वारा भव्य रूप से किया गया। कार्यक्रम पूरे अनुशासन और उत्साह के वातावरण में संपन्न हुआ, जिसमें ठाणे जिले सहित राज्यभर के पत्रकार, सामाजिक कार्यकर्ता और गणमान्य नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित थे।डॉ. किशोर पाटील को मिला यह सम्मान न केवल एक व्यक्ति की उपलब्धि है, बल्कि ग्रामीण पत्रकारिता में कार्यरत उन सभी पत्रकारों के संघर्ष और प्रतिबद्धता का भी सम्मान माना जा रहा है, जो सत्य और निष्पक्षता की राह पर पत्रकारिता करते आ रहे हैं।
डॉ. किशोर पाटील की प्रतिक्रिया:
"यह पुरस्कार सिर्फ मेरा नहीं, बल्कि उन सभी संघर्षशील पत्रकारों का सम्मान है जो ग्रामीण पत्रकारिता में निष्ठा से कार्य कर रहे हैं। यह सत्य और निष्पक्ष पत्रकारिता की दिशा में एक छोटी सी पावती है। इस सम्मान से मेरी जिम्मेदारी और भी बढ़ गई है," पुरस्कार स्वीकार करते समय डॉ. पाटील ने भावुक प्रतिक्रिया दी है।
रिपोर्टर