पौने दो लाख रूपये की बिजली चोरी

भिवंडी। भिवंडी में बिजली चोरी के मामलों में लगातार बढ़ोतरी हो रही है। ताजा मामले में टोरेंट पावर कंपनी की शिकायत पर शांतिनगर पुलिस स्टेशन में बिजली चोरी का मामला दर्ज किया गया है। आरोप है कि आरोपी अमित कबीर पाटील ने मराठी स्कूल के पास, दिव्य अंजूर गांव भिवंडी में अवैध  रूप से बिजली कनेक्शन लेकर 7989 यूनिट इस्तेमाल करते हुए  1.85,331 रूपये की बिजली चोरी की। पाटिल ने बिजली कंपनी की अधिकृत आपूर्ति प्रणाली से छेड़छाड़ की और अवैध कनेक्शन जोड़कर बिजली की खपत की। बिजली विभाग ने जब औचक निरीक्षण किया, तो इस गड़बड़ी का खुलासा हुआ। चोरी की गई बिजली की अनुमानित कीमत 1,85,331.26 रूपये बताई जा रही है।

बिजली कंपनी के सहायक व्यवस्थापक श्रीकांत राघोलू गणपुरपू ने इस मामले की रिपोर्ट दर्ज कराई, जिसके बाद आरोपी पर विद्युत अधिनियम 2003 की धारा 135 के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और आरोपी पर जल्द ही कानूनी कार्रवाई की जा सकती है।

भिवंडी में बिजली चोरी की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं, जिससे टोरेंट पावर जैसी कंपनियों को हर साल करोड़ों रुपये का नुकसान हो रहा है। बिजली विभाग और पुलिस प्रशासन इस समस्या से निपटने के लिए लगातार अभियान चला रहे हैं, लेकिन फिर भी बिजली चोरी की घटनाएं कम होने का नाम नहीं ले रही हैं। अधिकारियों ने अपील की है कि जो लोग अवैध रूप से बिजली का उपयोग कर रहे हैं, वे जल्द से जल्द अधिकृत कनेक्शन लें, अन्यथा उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

रिपोर्टर

संबंधित पोस्ट