गरीब का हक खा गया सिस्टम, 25 हजार नहीं दिया तो काट दिया नाम
- कुमार चन्द्र भुषण तिवारी, उप संपादक बिहार
- Nov 28, 2026
- 11 views
अखिल भारतीय समाचार टीम
कैमूर--- प्रधानमंत्री का सपना था, कोई गरीब बिना छत के न रहे। हर गरीब के सिर पर पक्की छत हो, यही संकल्प लेकर प्रधानमंत्री आवास योजना शुरू हुई थी। लेकिन भभुआ नगर परिषद में उसी सपने को रिश्वत की मंडी बना दिया गया है। आरोप है कि यहाँ आवास गरीब को नहीं, नोट को मिलता है।
बीपीएल सूची में नाम है, झोपड़ी में जिंदगी कट रही है, फिर भी गरीब का नाम काट दिया जाता है। क्यों? क्योंकि उसने 25,000 रुपये नहीं दिए। और जिसे घर, खेती, नौकरी सब कुछ है, उसे आवास दे दिया जाता है। यह कैसा न्याय है, यह कैसी जनकल्याण योजना है?
वार्ड नंबर 2 के पीड़ितों का दर्द
वार्ड नंबर 2 के पीड़ितों का दर्द यही है। सालों से फॉर्म लटका है, दफ्तर के चक्कर काटते-काटते चप्पल घिस गई, लेकिन सुनने वाला कोई नहीं।
पीड़िता बिगना देवी, पति- विनोद कुमार राम, पिता- हरिचरण राम, माता- तेतरा देवी, नगर परिषद भभुआ, वार्ड नंबर- 2 का कहना है कि वह पात्र होते हुए भी योजना से वंचित हैं। उनका आरोप है कि पैसा नहीं देने के कारण उनका नाम सूची से काट दिया गया, जबकि संपन्न लोगों को लाभ पहुंचा दिया गया।
सबसे बड़ा सवाल यह है कि आवास मिला भी तो उस पर प्रधानमंत्री आवास योजना का नाम तक नहीं लिखा गया, ताकि पर्दे के पीछे का खेल छिपा रहे। जैसे आवास नहीं, हवाला का रुपया बांटा जा रहा हो। जब योजना सरकारी है, पैसा सरकारी है, तो नाम छिपाने की जरूरत क्यों पड़ी? कहीं न कहीं दाल में काला जरूर है।
मीटिंग में चर्चा, जमीन पर ढाक के तीन पात
हर मीटिंग में जिलाधिकारी ईमानदारी से आवास योजना पर चर्चा करते हैं, पात्रों को लाभ दिलाने का निर्देश देते हैं, लेकिन नीचे जमीन पर वही ढाक के तीन पात है। फाइलें चलती हैं, लेकिन गरीब की फाइल अटक जाती है। बिचौलिए सक्रिय हैं, और गरीब मजबूर है।
सवाल ये है कि गरीब कब तक रिश्वत के लिए अपनी झोपड़ी गिरवी रखेगा? जो व्यक्ति दो वक्त की रोटी के लिए संघर्ष कर रहा है, वह 25 हजार कहां से लाएगा? और अगर वह 25 हजार दे भी दे, तो क्या वह गरीब रह जाएगा? सिस्टम ने गरीबी की परिभाषा ही बदल दी है, अब गरीब वह नहीं जो झोपड़ी में रहता है, गरीब वह है जो रिश्वत दे सके।
प्रशासन से मांग
गरीब का हक छीनने वालों को याद रखना चाहिए, गरीब की आह में बहुत ताकत होती है। प्रशासन से मांग है, इस लूट की निष्पक्ष जांच हो, दोषियों पर कड़ी कार्रवाई हो और गरीब को उसका छत वापस मिले।
वार्ड नंबर 2 ही नहीं, पूरे नगर परिषद क्षेत्र की लाभुक सूची की जांच होनी चाहिए। किसका नाम क्यों काटा गया, किसको किस आधार पर आवास मिला, इसकी श्वेत पत्र की तरह जांच हो। जो अपात्र हैं, उनसे वसूली हो और जो पात्र छूट गए हैं, उन्हें तत्काल आवास दिया जाए।
क्योंकि आवास कागज पर नहीं, गरीब के सिर पर चाहिए।


रिपोर्टर