भभुआ में द्वितीय सिविल डिफेंस मॉक एक्सरसाइज संपन्न, आपात स्थिति से निपटने का दिया गया प्रशिक्षण

अखिल भारतीय समाचार टीम 

कैमूर---- गृह मंत्रालय भारत सरकार के निर्देश पर जिले में 23 नवंबर से 27 नवंबर 2026 तक आयोजित द्वितीय सिविल डिफेंस मॉक एक्सरसाइज के तहत शुक्रवार, दिनांक 27/11/2026 को भभुआ अग्निशमन कार्यालय अंतर्गत पारामेडिकल प्रशिक्षण संस्थान, भभुआ में मॉक एक्सरसाइज का सफल आयोजन किया गया।

संबंध में जानकारी देते हुए मनोज कुमार हवलदार अग्निशमन भभुआं के द्वारा बताया कि जिला अग्निशमन पदाधिकारी अनिल वर्मा के आदेशानुसार भभुआ अनुमंडल अग्निशमन पदाधिकारी नवीन कुमार के नेतृत्व में यह अभ्यास कराकर लोगों को जागरूक किया गया।

पारामेडिकल संस्थान में हुआ पूर्वाभ्यास

पारामेडिकल प्रशिक्षण संस्थान, भभुआ में आयोजित इस मॉक एक्सरसाइज में छात्र-छात्राओं, प्रशिक्षकों, अग्निशमन कर्मियों और स्थानीय लोगों ने भाग लिया। अभ्यास के दौरान आपातकालीन स्थिति में क्या करें और क्या न करें, इसकी विस्तृत जानकारी दी गई।

अभ्यास में यह दिखाया गया कि -

• सायरन बजते ही घबराए नहीं, बल्कि सुरक्षित स्थान पर जाएं • आग लगने पर बुझाने के उपाय और सुरक्षित निकासी का तरीका • घायल व्यक्तियों को प्राथमिक उपचार देकर सुरक्षित अस्पताल पहुंचाना • भवन में फंसे लोगों को निकालने की तकनीक • ब्लैकआउट, अफवाहों से बचाव और प्रशासन के निर्देशों का पालन 

अनुमंडल अग्निशमन पदाधिकारी नवीन कुमार ने उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि सिविल डिफेंस का उद्देश्य केवल सरकारी तैयारी नहीं, बल्कि हर नागरिक को आपदा के समय स्वयं और दूसरों की रक्षा के लिए तैयार करना है। उन्होंने कहा कि संकट के समय संयम, अनुशासन और त्वरित निर्णय ही सबसे बड़ा बचाव है।

पांच दिवसीय अभियान का समापन

बता दें कि निदेशक-सह-राज्य अग्निशमन पदाधिकारी, बिहार, पटना के पत्रांक-7148, दिनांक 20/11/2026 के आलोक में जिला अग्निशमन पदाधिकारी कार्यालय, कैमूर (भभुआ) से पत्रांक 1526, दिनांक 23/11/2026 जारी कर अनुमंडल अग्निशमन पदाधिकारी, भभुआ / मोहनियां को मॉक एक्सरसाइज कराने का निर्देश दिया गया था। इसी क्रम में 23 से 27 नवंबर तक जिले के विभिन्न स्थानों पर यह अभ्यास चलाया गया, जिसका समापन पारामेडिकल प्रशिक्षण संस्थान में हुआ।

लोगों में दिखा उत्साह

मॉक एक्सरसाइज के दौरान अग्निशमन कर्मियों ने फायर एक्सटिंग्विशर चलाने, होज पाइप से आग बुझाने और रेस्क्यू का जीवंत प्रदर्शन किया। छात्र-छात्राओं ने भी उत्साह के साथ भाग लिया और कई सवाल पूछकर जानकारी हासिल की।

स्थानीय लोगों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह के अभ्यास से जिले में आपदा के समय होने वाली क्षति को काफी हद तक कम किया जा सकता है।

अग्निशमन विभाग की ओर से बताया गया कि मॉक एक्सरसाइज के समापन के पश्चात कृत कार्रवाई से संबंधित प्रतिवेदन जिला कार्यालय को भेजा जाएगा।

रिपोर्टर

संबंधित पोस्ट