डीएम ने मोकर पंचायत सरकार भवन का किया निरीक्षण
- सुनील कुमार, जिला ब्यूरो चीफ रोहतास
- Nov 28, 2026
- 10 views
भवन के समुचित रखरखाव एवं जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन का दिया निर्देश
रोहतास।जिलाधिकारी दीपक कुमार मिश्र ने मोकर पंचायत सरकार भवन का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने पंचायत सरकार भवन की आधारभूत सुविधाओं, साफ-सफाई एवं समुचित रखरखाव की स्थिति का जायजा लिया। इस अवसर पर मोकर पंचायत के मुखिया तथा प्रखंड विकास पदाधिकारी,सासाराम उपस्थित रहे। निरीक्षण के क्रम में जिलाधिकारी ने पंचायत सरकार भवन के नियमित रखरखाव, साफ-सफाई तथा भवन परिसर को सुव्यवस्थित रखने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि पंचायत सरकार भवन ग्रामीण क्षेत्रों में प्रशासनिक एवं जनसेवा संबंधी गतिविधियों का महत्वपूर्ण केंद्र है। अतएव यह आवश्यक है कि भवन की स्थिति अच्छी और व्यवस्थित रहे,ताकि पंचायतवासियों को विभिन्न सरकारी सेवाओं तथा योजनाओं का लाभ स्थानीय स्तर पर सुगमता से मिल सके।
जिलाधिकारी ने प्रखंड विकास पदाधिकारी को प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत पात्र लाभुकों को नियमानुसार लाभ उपलब्ध कराने तथा आवास निर्माण की प्रगति की नियमित समीक्षा करने का निर्देश दिया। उन्होंने राशन कार्ड से संबंधित लंबित आवेदनों एवं समस्याओं का नियमानुसार त्वरित निष्पादन सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ वास्तविक और पात्र लाभुकों तक समयबद्ध तरीके से पहुँचना चाहिए। इसके लिए पंचायत एवं प्रखंड स्तर के पदाधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने तथा आम जनता की समस्याओं के प्रति संवेदनशील रहने की आवश्यकता है। जिलाधिकारी ने अन्य महत्वपूर्ण जनकल्याणकारी योजनाओं तथा पंचायत स्तर पर संचालित विकासात्मक कार्यों की भी प्रभावी निगरानी करने तथा पात्र लाभुकों को योजनाओं से आच्छादित करने का निर्देश दिया। जिला प्रशासन द्वारा पंचायत स्तर पर प्रशासनिक व्यवस्था को सुदृढ़ करने,सरकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन एवं आमजन को बेहतर सुविधायें उपलब्ध कराने हेतु निरंतर प्रयास किया जा रहा है।


रिपोर्टर