इंस्टाग्राम पर अवैध हथियार लहराते फोटो वायरल करने के आरोप में तीन गिरफ्तार, देशी कट्टा बरामद

ब्यूरो चीफ संदिप कुमार

चैनपुर थाना पुलिस की त्वरित कार्रवाई, वायरल फोटो के सत्यापन के बाद तीनों आरोपितों को पकड़ा

कैमूर - जिले के चैनपुर थाना क्षेत्र में सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर अवैध हथियार लहराते हुए फोटो वायरल करने के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने छापेमारी के दौरान एक देशी कट्टा भी बरामद किया है। इस मामले में चैनपुर थाना कांड संख्या 584/26 दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस के अनुसार, 24 अक्टूबर 2026 को इंस्टाग्राम पर एक व्यक्ति का अवैध हथियार लहराते हुए फोटो वायरल हो रहा था। वायरल फोटो का सत्यापन करने के बाद उसमें दिख रहे व्यक्ति की पहचान अंगद कुमार, पिता वशिष्ठ पासवान, निवासी नाउडीहा के रूप में की गई। इसके बाद चैनपुर थानाध्यक्ष के नेतृत्व में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए उसके घर पर छापेमारी की।

छापेमारी के दौरान अंगद कुमार ने पुलिस को बताया कि हथियार उसके दोस्त नीरज कुमार और विशाल कुमार का है। इसके बाद पुलिस ने विशाल कुमार के घर पर छापेमारी की, जहां से एक देशी कट्टा बरामद किया गया। पुलिस ने इस मामले में अंगद कुमार, नीरज कुमार और विशाल कुमार को विधिवत गिरफ्तार कर लिया

गिरफ्तार अभियुक्तों में अंगद कुमार, पिता वशिष्ठ पासवान और नीरज कुमार, पिता कमलेश पासवान, दोनों निवासी नाउडीहा, जबकि विशाल कुमार, पिता लक्ष्मण केसरी, निवासी अमांव शामिल हैं। तीनों गांव चैनपुर थाना क्षेत्र, जिला कैमूर के अंतर्गत आते हैं।

सोशल मीडिया पर हथियार का प्रदर्शन करने वालों पर होगी कार्रवाई

कैमूर पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सोशल मीडिया पर अवैध हथियार का प्रदर्शन करना दंडनीय अपराध है। ऐसे लोगों को चिह्नित कर उनके विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि यदि कोई व्यक्ति सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक पोस्ट करता है या सार्वजनिक शांति भंग करने की मंशा से सामग्री प्रसारित करता है, तो इसकी सूचना तत्काल स्थानीय थाना या डायल-112 पर दें।

रिपोर्टर

संबंधित पोस्ट