कुदरा में मंदिर को भी नहीं छोड़ा चोरों ने, मां काली मंदिर से तीन घंटियां चोरी

संवाददाता रूपेश कुमार दुबे की रिपोर्ट

कैमूर----- जिले के कुदरा थाना क्षेत्र में चोरी की घटनाएं लगातार चिंता का विषय बनती जा रही हैं। अब चोरों ने भगवान के मंदिर को भी अपना निशाना बना लिया है। ताजा मामला कुदरा थाना क्षेत्र के रामलीला मैदान के समीप स्थित मां काली मंदिर का है, जहां अज्ञात चोरों ने देर रात मंदिर परिसर में चोरी की घटना को अंजाम दिया और तीन घंटियां चोरी कर मौके से फरार हो गए।

बताया जा रहा है कि चोरों ने रात के अंधेरे का फायदा उठाकर मंदिर परिसर में प्रवेश किया और वहां लगी तीन घंटियों को चोरी कर लिया। चोरी की गई घंटियों में सायर माता के पास लगी घंटी और मुख्य गेट पर लगी बड़ी घंटी समेत कुल तीन घंटियां शामिल हैं।

मंदिर के महंत पंकज पांडे के अनुसार--

घटना रात करीब 3 बजे की बताई जा रही है। इसी दौरान अज्ञात चोर मंदिर परिसर में पहुंचे और घंटियों को चोरी कर फरार हो गए। सुबह जब मंदिर से जुड़े लोगों और श्रद्धालुओं को चोरी की जानकारी हुई तो इलाके में इसकी चर्चा शुरू हो गई।

घटना के बाद मंदिर के पुजारी और श्रद्धालुओं में काफी आक्रोश देखने को मिल रहा है। लोगों का कहना है कि मंदिर जैसे धार्मिक स्थल में चोरी की घटना बेहद गंभीर है। श्रद्धालुओं ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि जल्द से जल्द चोरों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जाए और चोरी हुई घंटियों को बरामद किया जाए।

वहीं, मंदिर परिसर में मौजूद अंकुर जायसवाल ने कुदरा थाना क्षेत्र में बढ़ती चोरी की घटनाओं को लेकर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में चोरी की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। उनका कहना है कि युवाओं के नशे की गिरफ्त में आने की वजह से भी ऐसी घटनाओं को बढ़ावा मिल रहा है। अब स्थिति यह हो गई है कि चोर घरों में सेंधमारी करने के साथ-साथ धार्मिक स्थलों को भी निशाना बनाने लगे हैं।

स्थानीय लोगों का कहना है कि मंदिर में चोरी की घटना से श्रद्धालुओं में असुरक्षा की भावना पैदा हुई है। लोगों ने पुलिस से क्षेत्र में रात्रि गश्ती बढ़ाने और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने की मांग की है।

इधर, घटना की सूचना कुदरा थाना पुलिस को दी गई है। कुदरा थाना अध्यक्ष प्रियेश प्रियदर्शी ने बताया कि मंदिर से चोरी के संबंध में आवेदन प्राप्त हुआ है। मामले की जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है। अब देखना होगा कि पुलिस मंदिर में हुई इस चोरी का खुलासा कब तक करती है और चोरी की गई तीनों घंटियां बरामद हो पाती हैं या नहीं

रिपोर्टर

संबंधित पोस्ट