कंप्यूटर आधारित रैंडमाइजेशन से कुल 104 कर्मचारियों का स्थानांतरण, पारदर्शिता एवं निष्पक्षता सुनिश्चित


रोहतास। जिलाधिकारी, रोहतास दीपक कुमार मिश्रा के निर्देशानुसार राजस्व प्रशासन को अधिक सुदृढ़, पारदर्शी एवं प्रभावी बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल करते हुए कुल 104 कर्मचारियों का स्थानांतरण कंप्यूटर आधारित रैंडमाइजेशन (Computer-based Randomization) प्रक्रिया के माध्यम से किया गया।


स्थानांतरण प्रक्रिया के अंतर्गत राजस्व विभाग के नवपदस्थापित 78 राजस्व कर्मचारियों तथा जिले के विभिन्न अंचल कार्यालयों में कार्यरत 26 जिला कर्मियों का स्थानांतरण किया गया। पूरी प्रक्रिया कंप्यूटर आधारित रैंडमाइजेशन के माध्यम से संपन्न कराई गई, जिससे स्थानांतरण में पूर्ण पारदर्शिता, निष्पक्षता एवं समान अवसर सुनिश्चित हो सके।


जिलाधिकारी श्री दीपक कुमार मिश्रा ने कहा कि जिला प्रशासन की प्राथमिकता प्रशासनिक व्यवस्था को अधिक उत्तरदायी, पारदर्शी एवं जनहितकारी बनाना है। आधुनिक तकनीक के उपयोग से स्थानांतरण प्रक्रिया को निष्पक्ष एवं विश्वासयोग्य बनाया गया है, जिससे किसी भी प्रकार के मानवीय हस्तक्षेप की संभावना समाप्त हो जाती है।


उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि स्थानांतरित सभी 104 कर्मचारी निर्धारित समय-सीमा के भीतर अपने नवीन पदस्थापन स्थल पर योगदान देना सुनिश्चित करें, ताकि राजस्व प्रशासन के कार्य निर्बाध रूप से संचालित होते रहें तथा आम नागरिकों को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण सेवाएं प्राप्त हों।


इस अवसर पर अपर समाहर्ता, रोहतास एवं प्रभारी पदाधिकारी, राजस्व शाखा भी उपस्थित रहे। उनकी उपस्थिति में संपूर्ण स्थानांतरण प्रक्रिया को पारदर्शी एवं निष्पक्ष तरीके से संपन्न कराया गया।


जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया कि भविष्य में भी प्रशासनिक प्रक्रियाओं में तकनीक आधारित एवं पारदर्शी व्यवस्था को प्राथमिकता दी जाएगी, जिससे सुशासन के उद्देश्यों को और अधिक प्रभावी ढंग से प्राप्त किया जा सके।

रिपोर्टर

संबंधित पोस्ट