सासाराम शहर की जाम से निजात के लिए डीएम एसपी ने किया बैठक
- सुनील कुमार, जिला ब्यूरो चीफ रोहतास
- Sep 22, 2026
- 4 views
रोहतास।जिला पदाधिकारी,दीपक कुमार मिश्र तथा पुलिस अधीक्षक,मि0 राज की अध्यक्षता में सासाराम शहर में यातायात एवं जाम की समस्या के स्थायी समाधान को लेकर बैठक आयोजित की गयी। बैठक में शहर की वर्तमान यातायात व्यवस्था की समीक्षा करते हुए जाम की समस्या को नियंत्रित करने तथा यातायात व्यवस्था को सुचारू एवं व्यवस्थित बनाने के लिए विस्तृत मास्टर प्लान तैयार किया गया। बैठक में अनुमंडल पदाधिकारी सासाराम, नगर आयुक्त,नगर निगम सासाराम,जिला परिवहन पदाधिकारी,अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी,विशेष कार्य पदाधिकारी सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित रहे। बैठक में शहर के प्रमुख मार्गों,चौक-चौराहों और जाम प्रभावित क्षेत्रों में यातायात व्यवस्था को लेकर आवश्यक बिंदुओं पर चर्चा की गयी तथा यातायात के निर्बाध संचालन के लिए जिम्मेदारियां निर्धारित की गयीं। जिला पदाधिकारी ने शहर में अतिक्रमण एवं जाम की समस्या को नियंत्रित करने के लिए विशेष अतिक्रमण दस्ता दल का गठन करने का निर्देश दिया। यह दस्ता शहर के विभिन्न क्षेत्रों में अतिक्रमण तथा जाम की निगरानी एवं आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करेगा। कार्रवाई से पूर्व दस्ता द्वारा संबंधित क्षेत्रों में माइकिंग के माध्यम से लोगों को अतिक्रमण हटाने एवं यातायात व्यवस्था में सहयोग करने की सूचना दी जायेगी। शहर में यातायात व्यवस्था की प्रभावी निगरानी के लिए संबंधित पदाधिकारी एवं ट्रैफिक पुलिस द्वारा वाहन से नियमित भ्रमण कर जाम की स्थिति का जायजा लिया जायेगा। बैठक में सासाराम शहर के प्रमुख मार्गों पर बसों के ठहराव पर रोक लगाने का निर्णय लिया गया। शहर में सिंगल लेन ट्रैफिक व्यवस्था का कड़ाई से पालन कराने का निर्देश दिया गया।
जिला पदाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने लोगों एवं वाहन चालकों से यातायात नियमों का पालन करने,सड़क एवं फुटपाथ पर अतिक्रमण नहीं करने तथा शहर की यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाये रखने में प्रशासन का सहयोग करने की अपील की है।


रिपोर्टर