गांव-गांव गूंज रही शिक्षा की आवाज: 19 प्रखंडों में शिक्षा चौपाल का अभियान शुरू
- सुनील कुमार, जिला ब्यूरो चीफ रोहतास
- Jul 10, 2026
- 2 views
संवाददाता पारसनाथ दुबे
डेहरी रोहतास।समृद्धि संस्था का "मंत्रा फॉर चेंज–शिक्षाग्रह" अभियान, 850 गांवों में 1700 चौपालों के जरिए ड्रॉपआउट बच्चों को जोड़ा जाएगा शिक्षा से
समृद्धि संस्था के बैनर तले "मंत्रा फॉर चेंज–शिक्षाग्रह" अभियान के अंतर्गत 6 से 16 जुलाई 2026 तक शिक्षा चौपाल भाग-7 का आयोजन किया जा रहा है।
इस अभियान के तहत जिले के 19 प्रखंडों के 850 गांवों में 1700 शिक्षा चौपालें लगाई जाएंगी। 85 से अधिक महिला कार्यकर्ता गांव-गांव जाकर ड्रॉपआउट एवं अनामांकित बच्चों को शिक्षा से जोड़ने, बालिका शिक्षा को बढ़ावा देने तथा बाल विवाह रोकने के लिए समुदाय को जागरूक कर रही हैं। साथ ही दिव्यांग बच्चों की पहचान कर उन्हें सरकारी लाभ से जोड़ने की पहल भी की जा रही है।
अभियान में पीआरआई सदस्य, विद्यालय प्रबंधन समिति, प्रधानाध्यापक, शिक्षक, टोला सेवक, आंगनवाड़ी सेविका, जीविका दीदी, मीना मंच की बच्चियां एवं स्थानीय समुदाय बढ़-चढ़कर भाग ले रहे हैं।
इसी क्रम में डेहरी प्रखंड की पतपुरा पंचायत के पतपुरा गांव में शिक्षा चौपाल आयोजित की गई। इसमें उत्क्रमित मध्य विद्यालय के प्रधानाध्यापक, शिक्षक एवं मीना मंच की बच्चियों ने सक्रिय भागीदारी की। बच्चियों ने बताया कि कई जगह आज भी लड़कियों के साथ भेदभाव होता है, लेकिन शिक्षा चौपाल ने उन्हें शिक्षा के प्रति जागरूक किया है और वे अन्य बालिकाओं को भी पढ़ाई जारी रखने के लिए प्रेरित करेंगी।
समृद्धि संस्था की सचिव तारा सिंह एवं जिला समन्वयक मालती देवी ने कहा कि सामुदायिक सहभागिता से हर बच्चे तक शिक्षा पहुँचाना और बालिकाओं के लिए सुरक्षित एवं शिक्षित भविष्य सुनिश्चित करना ही इस अभियान का मुख्य उद्देश्य है। उन्होंने कहा कि यह अभियान विद्यालय और समुदाय के बीच की खाई को पाटते हुए दोनों को एक मंच पर जोड़ने का महत्वपूर्ण कार्य कर रहा है।
ब्लॉक कोऑर्डिनेटर रूपकी कुमारी ने कहा कि शिक्षा चौपाल का उद्देश्य प्रत्येक बच्चे, विशेषकर बालिकाओं, को कम-से-कम बारहवीं तक पढ़ाई के लिए प्रेरित करना और बाल विवाह को रोकना है।


रिपोर्टर