कल्याण रेलवे स्टेशन क्षेत्र में देह व्यापार गिरोह पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, मकोका के तहत केस दर्ज
- Rohit R. Shukla, Journalist
- Jul 06, 2026
- 35 views
कल्याण । कल्याण रेलवे स्टेशन परिसर में संगठित रूप से अवैध देह व्यापार संचालित करने वाले गिरोह के खिलाफ कल्याण पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए महाराष्ट्र संगठित अपराध नियंत्रण अधिनियम (मकोका) के तहत मामला दर्ज किया है।
पुलिस के अनुसार, 21 फरवरी 2026 को महात्मा फुले चौक पुलिस थाने में दर्ज मामले की जांच के दौरान खुलासा हुआ कि गिरफ्तार महिला और पुरुष आरोपी संगठित गिरोह बनाकर करीब 20 महिलाओं को देह व्यापार में धकेल रहे थे। आरोपियों द्वारा महिलाओं को पैसों का लालच देकर तथा ग्राहकों को उपलब्ध कराकर अवैध कारोबार से आर्थिक लाभ कमाया जा रहा था। जांच में यह भी सामने आया कि गिरोह का कोई वैध आय स्रोत नहीं था और आरोपी जबरन महिलाओं का शोषण कर संगठित अपराध को अंजाम दे रहे थे। इसके आधार पर वरिष्ठ अधिकारियों की मंजूरी मिलने के बाद आरोपियों के खिलाफ मकोका की संबंधित धाराएं जोड़ दी गईं। पुलिस ने न्यायालय की अनुमति से आरोपियों को कल्याण जिला कारागार से हिरासत में लेकर मामले में औपचारिक गिरफ्तारी की है। न्यायालय ने आरोपियों को पुलिस रिमांड देने के बाद न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। यह कार्रवाई पुलिस आयुक्त, ठाणे शहर एवं अन्य वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में की गई। मामले की आगे की जांच कल्याण पुलिस द्वारा जारी है।


रिपोर्टर