जेएनयूएस में दो दिवसीय रक्तदाता महाकुंभ का आयोजन
- सुनील कुमार, जिला ब्यूरो चीफ रोहतास
- Jul 04, 2026
- 3 views
रोहतास। स्थानीय गोपाल नारायण सिंह विश्वविद्यालय, जमुहार के देवमंगल सभागार में आज दो दिवसीय अंतरराष्ट्रीय रक्तदाता महाकुंभ 02 का शुभारंभ हुआ।यह कार्यक्रम गोपाल नारायण सिंह विश्वविद्यालय, बिहार राज्य एड्स कंट्रोल सोसायटी एवं गैर सरकारी संस्था पथ प्रदर्शक के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित किया जा रहा है। इस कार्यक्रम में नेपाल और भूटान के अलावे देश के 24 राज्यों से लगभग डेढ़ सौ रक्त सेवा से जुड़े समाज सेवी हिस्सा ले रहे हैं। कार्यक्रम का उद्घाटन विश्वविद्यालय के प्रति कुलाधिपति गोविंद नारायण सिंह, बिहार राज्य एड्स कंट्रोल सोसायटी के सहायक परियोजना निदेशक डा एन के गुप्ता,बी एच यू वाराणसी रक्त केंद्र के प्रभारी डॉक्टर आशुतोष कुमार सिंह, नारायण मेडिकल कॉलेज रक्त केंद्र के प्रभारी डॉक्टर वकील अहमद, महाप्रबंधक अस्पताल संचालन उपेंद्र कुमार सिंह एवं पथ प्रदर्शक के सचिव बामेन्द्र कुमार द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। इस अवसर पर वक्ताओं ने रक्तदान को बेश कीमती और जीवनदायनी उपहार बताते हुए कहा कि जब रक्त के लिए कोई तड़प रहा होता है, उस समय उसकी सेवा करके बहुत ही सुकून मिलता है। खून देकर किसी के जीवन को बचाने से बड़ी खुशी कभी नहीं मिलती।उन्होंने वहां उपस्थित छात्र-छात्राओं को रक्तदान से जुड़ने का आह्वान किया एवं प्रेरणा दी। उन्होंने कहा कि जीवन में कभी भी किसी को भी ख़ून की जरूरत पड़ सकती है ,इसलिए इसकी आदत अभी से डालें ।देश के कोने-कोने से आए रक्त वीरों ने अपना परिचय देते हुए बताया कि बरसों बरसों से हम लोग अपने-अपने क्षेत्र में रक्तदान का अभियान चलाए हुए हैं एवं थैलेसीमिया पीड़ित मरीज ,कैंसर से पीड़ित मरीज, दुर्घटनाग्रस्त मरीज आदि की सेवा कर रहे हैं। कार्यक्रम का समापन कल दोपहर बाद होगा।


रिपोर्टर