'विकसित भारत गारंटी फॉर रोजगार एवं आजीविका मिशन (ग्रामीण)' का जिला स्तरीय शुभारंभ गोपालपुर में संपन्न
- राजेंद्र यादव, ब्यूरो चीफ, मध्यप्रदेश
- Jul 02, 2026
- 36 views
राजगढ़ । प्रधानमंत्री के संकल्प 'विकसित भारत' को साकार करने की दिशा में आंध्र प्रदेश के तिरुपति जिले के ग्राम मुक्कावरिपल्ली से 'विकसित भारत गारंटी फॉर रोजगार एवं आजीविका मिशन (ग्रामीण)' (VB-GRAM G) का राष्ट्रव्यापी शुभारंभ किया गया।इसका सीधा प्रसारण देशभर में देखा गया। इसी क्रम में राजगढ़ जिले का जिला स्तरीय कार्यक्रम जनपद पंचायत राजगढ़ के ग्राम गोपालपुर में आयोजित किया गया। कार्यक्रम में सांसद श्री रोडमल नागर, नरसिंहगढ़ विधायक श्री मोहन शर्मा, राजगढ़ विधायक श्री अमर सिंह यादव, कलेक्टर डॉ. गिरीश कुमार मिश्रा, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत डॉ. इच्छित गढ़पाले सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी, सरपंचगण एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के प्रारंभ में कलेक्टर डॉ. मिश्रा ने योजना की भूमिका रखते हुए कहा कि 'विकसित भारत–गारंटी फॉर रोजगार एवं आजीविका मिशन (ग्रामीण)' ग्रामीण विकास का एक समग्र अभियान है। इस योजना के माध्यम से गांवों में रोजगार सृजन, आधारभूत सुविधाओं का विस्तार, प्राकृतिक संसाधनों का संरक्षण तथा आजीविका संवर्धन के कार्य स्थानीय आवश्यकताओं के अनुरूप किए जाएंगे। योजना में किसानों की सुविधा का विशेष ध्यान रखा गया है। फसल कटाई एवं कृषि कार्य के व्यस्त समय में मजदूरी कार्यों का दबाव न रहे, इसके लिए कार्यों के निर्धारण में भी आवश्यक प्रावधान किए गए हैं।
राजगढ़ विधायक यादव एवं नरसिंहगढ़ विधायक शर्मा ने कहा कि यह योजना ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सशक्त बनाने के साथ गांवों के सतत विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। उन्होंने ग्रामीणों से योजना के क्रियान्वयन में सक्रिय सहभागिता का आह्वान किया। सांसद श्री नागर ने अपने संबोधन में कहा कि इस योजना की सबसे बड़ी विशेषता यह है कि गांव के विकास की प्राथमिकताएं स्वयं ग्रामवासी तय करेंगे। ग्राम पंचायतों की भागीदारी से गांवों की आवश्यकताओं के अनुसार विकास कार्यों का चयन किया जाएगा। योजना के माध्यम से जल संरक्षण, पर्यावरण संवर्धन, प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण, आजीविका संवर्धन एवं ग्रामीण अधोसंरचना के विकास पर विशेष बल दिया गया है। उन्होंने कहा कि केंद्र एवं राज्य सरकार गांव, गरीब, किसान, महिला, युवा और समाज के प्रत्येक वर्ग के सर्वांगीण विकास के लिए निरंतर कार्य कर रही है।
क्या है 'विकसित भारत–गारंटी फॉर रोजगार एवं आजीविका मिशन (ग्रामीण)'
यह मिशन ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार उपलब्ध कराने के साथ-साथ टिकाऊ एवं स्थायी परिसंपत्तियों के निर्माण पर केंद्रित है। योजना के अंतर्गत ग्राम पंचायतों की भागीदारी से स्थानीय आवश्यकताओं के अनुरूप विकास कार्यों का चयन किया जाएगा। जल संरक्षण, वृक्षारोपण, पर्यावरण संरक्षण, भूमि विकास, ग्रामीण अधोसंरचना, आजीविका संवर्धन तथा प्राकृतिक संसाधनों के बेहतर प्रबंधन जैसे कार्यों को प्राथमिकता दी जाएगी, जिससे ग्रामीण अर्थव्यवस्था मजबूत हो तथा गांव आत्मनिर्भर बन सकें। कार्यक्रम के दौरान संबल योजना एवं लाड़ली लक्ष्मी योजना के हितग्राहियों को प्रमाण-पत्र वितरित कर लाभान्वित किया गया। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, सरपंचों तथा बड़ी संख्या में ग्रामीणजन की सहभागिता रही।


रिपोर्टर