दुर्गापूजा को लेकर अनुमंडल पदाधिकारी, भभुआं की अध्यक्षता में हुई समीक्षा बैठक,जारी किए गए सख्त दिशा-निर्देश

ब्यूरो चीफ संदिप कुमार की रिपोर्ट 

कैमूर:-- ​आगामी दुर्गापूजा त्योहार को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से अनुमंडल पदाधिकारी, भभुआ की अध्यक्षता में सभी पूजा पंडाल समितियों, प्रशासनिक एवं पुलिस पदाधिकारियों के साथ एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विधि-व्यवस्था, यातायात प्रबंधन और श्रद्धालुओं की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए कई दिशा-निर्देश जारी किए गए। ​आगामी एक माह तक जहां भी मूर्तियों का निर्माण एवं पंडाल निर्माण कार्य चल रहा है, वहां पूजा समितियां अनिवार्य रूप से स्वयंसेवकों की प्रतिनियुक्ति करेंगी, ताकि किसी भी असामाजिक तत्व द्वारा या अन्य कारणों से प्रतिमाओं को कोई नुकसान न पहुंचे। सड़क किनारे बन रहे पूजा पंडालों को विशेष रूप से निर्देशित किया गया कि वे बांस-बल्ले इस प्रकार लगाएं कि सड़क पर आवागमन बाधित न हो। किसी भी राहगीर को चोट न पहुंचे और यातायात (ट्रैफिक) पूरी तरह सुचारू रहे। ​प्रतिमा स्थापना के लिए सक्षम प्राधिकार से अनुज्ञप्ति (लाइसेंस) लेना अनिवार्य होगा। किसी भी विवादित स्थल या नगर क्षेत्र के मुख्य सड़क मार्ग पर प्रतिमा स्थापित करने की अनुमति नहीं दी जाएगी। पूजा पंडालों में डीजे बजाने तथा अश्लील गानों के प्रसारण पर पूर्णतः रोक रहेगी। ध्वनि विस्तारक यंत्रों (लाउडस्पीकर) का उपयोग अनुमति के उपरांत केवल प्रातः 06:00 बजे से रात्रि 10:00 बजे तक ही किया जा सकेगा। उल्लंघन करने पर साउंड सिस्टम जब्त कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। ​असामाजिक तत्वों पर कड़ी निगरानी रखने के लिए सभी मुख्य पूजा पंडालों में सीसीटीवी कैमरे और कंट्रोल रूम स्थापित करना अनिवार्य होगा। साथ ही "आप सीसीटीवी कैमरे की निगरानी में हैं" का डिस्प्ले बोर्ड लगाया जाएगा। ​प्रतिमा स्थापना से लेकर विसर्जन तक सभी आयोजक समितियां 24 घंटे (तीन पालियों में) पहचान पत्र युक्त स्वयंसेवकों की तैनाती करेंगी और इसकी सूची संबंधित थानाध्यक्ष को उपलब्ध कराएंगी। ​सभी पंडालों को नया वैध विद्युत कनेक्शन लेना होगा, जिसकी जांच विद्युत आपूर्ति प्रमंडल करेगा। इसके अतिरिक्त अग्निशमन (Fire Safety) के पुख्ता इंतजाम करने के निर्देश दिए गए। ​सभी प्रमुख पंडालों में जिला व अनुमंडल स्तरीय पदाधिकारियों एवं स्थानीय थानाध्यक्षों के नाम व मोबाइल नंबर स्पष्ट रूप से प्रदर्शित करने होंगे। ​सोशल मीडिया पर भड़काऊ, आपत्तिजनक या अफवाह फैलाने वाले संदेश/वीडियो पोस्ट करने वालों पर साइबर सेल एवं प्रशासन की पैनी नजर रहेगी। ​बैठक के अंत में अनुमंडल पदाधिकारी ने सभी नागरिकों एवं पूजा समितियों से प्रशासन का पूर्ण सहयोग करने और त्योहार को आपसी भाईचारे व सौहार्द के साथ मनाने की अपील की। ​बैठक में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (भभुआ), संबंधित प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचलाधिकारी, थानाध्यक्ष, कार्यपालक पदाधिकारी नगर परिषद, भभुआ एवं विभिन्न पूजा समितियों के प्रतिनिधि उपस्थित थे।

रिपोर्टर

संबंधित पोस्ट