सरकारी वाहा पर अतिक्रमण से मन्नीपुर गांव में जलजमाव, मंदिर व जलमीनार भी जलमग्न
- कुमार चन्द्र भुषण तिवारी, उप संपादक बिहार
- Sep 09, 2026
- 14 views
अतिक्रमण के कारण पानी की निकासी बाधित, बीमारी फैलने का बढ़ा खतरा; एसडीओ ने सीओ को मापी कर अतिक्रमण हटाने का दिया निर्देश
दुर्गावती(कैमूर)---- प्रखंड के मन्नीपुर गांव में सरकारी वाहा पर कथित अतिक्रमण किए जाने के कारण बारिश के पानी की निकासी बाधित हो गई है। पानी की निकासी नहीं होने से गांव में जगह-जगह जलजमाव की स्थिति उत्पन्न हो गई है। स्थिति यह है कि गांव का मंदिर और जलमीनार भी जलमग्न हो गया है। वहीं, गांव के आसपास लंबे समय से पानी जमा रहने के कारण ग्रामीणों में विभिन्न प्रकार की बीमारियां फैलने की आशंका को लेकर चिंता बढ़ गई है।
जलजमाव की समस्या से परेशान ग्रामीणों ने मामले को लेकर अनुमंडल पदाधिकारी, मोहनिया को आवेदन देकर सरकारी वाहा से अतिक्रमण हटाकर पानी की निकासी की व्यवस्था कराने की मांग की थी। ग्रामीणों की शिकायत और मामले की गंभीरता को देखते हुए मंगलवार को अनुमंडल पदाधिकारी मोहनिया रत्ना प्रियदर्शी मौके पर पहुंचीं और जलजमाव की स्थिति का जायजा लिया।
मौके पर ग्रामीणों से जानकारी लेने के बाद एसडीओ ने बताया कि कुछ लोगों द्वारा अतिक्रमण किए जाने के कारण पानी की निकासी का मार्ग अवरुद्ध हुआ है। उन्होंने अंचलाधिकारी, दुर्गावती को सरकारी जमीन की मापी कराकर अतिक्रमण हटाने तथा पानी की समुचित निकासी सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है।
वहीं, पंचायत के मुखिया प्रतिनिधि गजानंद यादव ने बताया कि गांव में जलनिकासी की समस्या को देखते हुए पूर्व में सरकारी जमीन की मापी कराकर वाहा की खुदाई कराई गई थी। पानी की निकासी के लिए पाइप भी लगाया गया था, लेकिन अतिक्रमण करने वाले लोगों द्वारा कथित रूप से पाइप को हटा दिया गया। इसके बाद पानी की निकासी बाधित हो गई और बारिश का पानी गांव में जमा होने लगा।
ग्रामीणों का कहना है कि लगातार जलजमाव रहने से लोगों को आवागमन में परेशानी हो रही है। साथ ही मंदिर और जलमीनार के आसपास पानी जमा होने से धार्मिक स्थल और पेयजल व्यवस्था भी प्रभावित हो रही है। ग्रामीणों ने प्रशासन से जल्द से जल्द अतिक्रमण हटाकर वाहा की सफाई एवं जलनिकासी की स्थायी व्यवस्था कराने की मांग की है, ताकि गांव को जलजमाव और संभावित बीमारियों के खतरे से बचाया जा सके।


रिपोर्टर