प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस राजगढ़ की पूर्व छात्रा कविता दांगी बनीं मध्य प्रदेश ग्रामीण बैंक में ऑफिसर स्केल - 1
- राजेंद्र यादव, ब्यूरो चीफ, मध्यप्रदेश
- Jun 10, 2026
- 143 views
राजगढ़ । ग्रामीण परिवेश में रहकर बड़े सपने देखना और उन्हें साकार करने के लिए निरंतर प्रयास करना आसान नहीं होता, लेकिन दृढ़ संकल्प, अथक परिश्रम और आत्मविश्वास के बल पर हर लक्ष्य प्राप्त किया जा सकता है। इस बात को सिद्ध कर दिखाया है प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, राजगढ़ की पूर्व छात्रा कविता दांगी ने, जिनका चयन मध्य प्रदेश ग्रामीण बैंक में ऑफिसर स्केल -1 पद पर हुआ है। कविता दांगी ने वर्ष 2023 में महाविद्यालय से बी.एससी. तथा वर्ष 2025 में हिंदी विषय से स्नातकोत्तर (एम.ए.) की उपाधि प्राप्त की। उन्होंने राजगढ़ में रहकर बैंकिंग प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी की और अपने दूसरे प्रयास में यह उल्लेखनीय सफलता अर्जित की। उनकी यह उपलब्धि इस बात का प्रमाण है कि सफलता के लिए संसाधनों से अधिक महत्वपूर्ण लगन, अनुशासन और निरंतर प्रयास होते हैं।
ग्राम ब्राह्मणगांव निवासी कविता के परिवार में माता-पिता और एक बहन हैं। उनके पिता श्री बालचंद दांगी ग्राम लखोनी स्थित विद्यालय में प्राचार्य हैं तथा माता श्रीमती नवरंग बाई दांगी गृहिणी हैं। परिवार के सहयोग, संस्कारों और प्रोत्साहन ने कविता को अपने लक्ष्य की दिशा में निरंतर आगे बढ़ने की प्रेरणा दी। कविता ने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता, परिवार, महाविद्यालय के शिक्षकों तथा महाविद्यालय के पुस्तकालय को दिया है। उन्होंने बताया कि पुस्तकालय में नियमित अध्ययन, समयबद्ध तैयारी और शिक्षकों के मार्गदर्शन ने उनकी सफलता में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उनका कहना है कि सफलता एक दिन में नहीं मिलती, लेकिन हर दिन किया गया ईमानदार प्रयास एक दिन सफलता अवश्य दिलाता है। लगातार मेहनत, सकारात्मक सोच और सही मार्गदर्शन से हर लक्ष्य प्राप्त किया जा सकता है
महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. वी.बी. खरे ने कविता की सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि उनकी उपलब्धि महाविद्यालय के विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा का स्रोत है। उन्होंने कहा कि यदि लक्ष्य स्पष्ट हो, आत्मविश्वास दृढ़ हो और प्रयास निरंतर किए जाएं तो सफलता अवश्य मिलती है। विवेकानंद कैरियर मार्गदर्शन प्रकोष्ठ प्रभारी और महाविद्यालय परिवार के सभी सदस्यों ने कविता दांगी को बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।


रिपोर्टर