कलेक्टर डॉ. मिश्रा द्वारा समय सीमा बैठक में लापरवाही पर नोटिस, वेतन कटौती और कार्रवाई के दिए निर्देश
- राजेंद्र यादव, ब्यूरो चीफ, मध्यप्रदेश
- Jun 08, 2026
- 5 views
स्वच्छता, जनकल्याण शिविर, पेयजल, प्राकृतिक खेती एवं लंबित शिकायतों की भी हुई विस्तृत समीक्षा
राजगढ़ । कलेक्टर डॉ. गिरीश कुमार मिश्रा द्वारा सोमवार को आयोजित समय - सीमा पत्रों की समीक्षा बैठक में विभिन्न विभागों के कार्यों की गहन समीक्षा करते हुए अधिकारियों को शासन की प्राथमिकता वाली योजनाओं के समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण क्रियान्वयन के निर्देश दिए। बैठक में स्वच्छता एवं वृक्षारोपण अभियान, जनकल्याण शिविरों की तैयारियां, पेयजल व्यवस्था, लंबित शिकायतें, प्राकृतिक खेती, निर्माण कार्यों की प्रगति तथा विभागीय योजनाओं की समीक्षा की गई।
स्वच्छता एवं वृक्षारोपण कार्यक्रमों की तैयारियां तेज करने के निर्देश
कलेक्टर डॉ. मिश्रा ने जिले में स्वच्छता एवं वृक्षारोपण कार्यक्रमों के लिए विस्तृत कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इन कार्यक्रमों में जनप्रतिनिधियों की सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित की जाए। छात्रावासों, विद्यालयों, आंगनवाड़ी केन्द्रों तथा शासकीय कार्यालयों में विशेष स्वच्छता अभियान संचालित किए जाएं तथा व्यापक स्तर पर वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किए जाएं।
जनकल्याण शिविरों में लापरवाही पर अधिकारियों को नोटिस
बैठक में इस सप्ताह आयोजित होने वाले जनकल्याण शिविरों की समीक्षा के दौरान आवश्यक जानकारी उपलब्ध नहीं कराने पर पीओ डूडा, जल निगम, पीएचई विभाग, स्वास्थ्य विभाग एवं आयुष विभाग के अधिकारियों को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए। साथ ही सभी विभागों को अपनी विस्तृत कार्ययोजना आज सायंकाल तक प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए।
प्रतिदिन 20 क्लस्टरों में प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने के निर्देश
कलेक्टर डॉ. मिश्रा ने उप संचालक कृषि को निर्देशित किया कि जनकल्याण शिविरों के माध्यम से प्रतिदिन 20 क्लस्टरों में प्राकृतिक खेती के प्रचार-प्रसार एवं जागरूकता कार्यक्रम संचालित किए जाएं, जिससे अधिक से अधिक किसान प्राकृतिक खेती की ओर प्रेरित हो सकें।
50 दिवस से लंबित शिकायतों एवं सार्थक अटेंडेंस की समीक्षा
बैठक में 50 दिवस से अधिक समय से लंबित शिकायतों की विभागवार समीक्षा करते हुए कलेक्टर डॉ. मिश्रा ने संबंधित अधिकारियों को त्वरित निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। सार्थक अटेंडेंस ऐप की समीक्षा के दौरान मुख्यालय से उपस्थिति दर्ज नहीं किए जाने के मामले को गंभीरता से लेते हुए गोविंद शिवहरे, कंप्यूटर ऑपरेटर, सारंगपुर के दो दिवस का वेतन काटने के निर्देश दिए गए।
पेयजल शिकायतों को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश
कलेक्टर डॉ. मिश्रा ने पीएचई एवं जल निगम के अधिकारियों को निर्देशित किया कि पेयजल संबंधी शिकायतों को अत्यंत गंभीरता से लेते हुए उनका तत्काल निराकरण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि आमजन को पेयजल संबंधी किसी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए।
निर्माण कार्यों में शिथिलता पर सख्ती, नोटिस एवं भुगतान रोकने के निर्देश
निर्माण कार्यों की प्रगति एवं गुणवत्ता की समीक्षा के दौरान कलेक्टर डॉ. मिश्रा ने मुख्य नगरपालिका अधिकारी राजगढ़ को निर्देशित किया कि नगरीय निकाय में चल रहे निर्माण कार्यों का भुगतान समय सीमा में करें।
आवश्यक वस्तु अधिनियम के प्रकरणों की रिपोर्ट तलब
खाद्य विभाग की समीक्षा के दौरान कलेक्टर डॉ. मिश्रा ने जिला आपूर्ति अधिकारी से आवश्यक वस्तु अधिनियम के अंतर्गत दर्ज प्रकरणों में की गई वसूली एवं कार्रवाई का विस्तृत प्रतिवेदन प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।
पीलूखेड़ी औद्योगिक क्षेत्र के उद्योगों की जल एवं विद्युत खपत की जानकारी मांगी
औद्योगिक विकास की समीक्षा के दौरान कलेक्टर डॉ. मिश्रा ने जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र को निर्देशित किया कि पीलूखेड़ी औद्योगिक क्षेत्र में संचालित सभी उद्योगों की जल एवं विद्युत खपत संबंधी विस्तृत जानकारी उपलब्ध कराई जाए।
हितग्राहीमूलक योजनाओं का होगा फिजिकल वेरिफिकेशन
उद्यानिकी एवं उद्योग विभाग की योजनाओं की समीक्षा करते हुए कलेक्टर डॉ. मिश्रा ने निर्देश दिए कि बैंकों द्वारा वित्तपोषित हितग्राहीमूलक योजनाओं के अंतर्गत स्वीकृत प्रकरणों का भौतिक सत्यापन कर विस्तृत प्रतिवेदन प्रस्तुत किया जाए, ताकि योजनाओं के वास्तविक क्रियान्वयन एवं लाभार्थियों तक पहुंच का आकलन किया जा सके।
लापरवाही किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं की जाएगी - कलेक्टर डॉ. मिश्रा
कलेक्टर डॉ. मिश्रा ने स्पष्ट कहा कि शासन की प्राथमिकता वाली योजनाओं, जनकल्याणकारी कार्यक्रमों तथा समय-सीमा वाले प्रकरणों में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। सभी अधिकारी जवाबदेही के साथ कार्य करें तथा समयबद्ध, गुणवत्तापूर्ण और प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करें।


रिपोर्टर