राजगढ़ के पचोर में पेट्रोल पंप पर लगी भीषण आग, 13 लोग झुलसे, टैंकर समेत 15 बाइक जलकर खाक


पचोर, राजगढ़ । राजगढ़ जिले के पचोर शहर में सोमवार देर रात एक पेट्रोल पंप पर भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। आग की चपेट में आकर 13 लोग झुलस गए, जबकि फ्यूल से भरा टैंकर और करीब 15 बाइकें जलकर खाक हो गईं। हादसे के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। करीब 45 मिनट की मशक्कत के बाद दमकल टीम ने आग पर काबू पाया।

जानकारी के मुताबिक शहर के बीच स्थित चुन्नालाल-मुन्नालाल पेट्रोल पंप पर 20 हजार लीटर फ्यूल लेकर एक टैंकर पहुंचा था। देर रात टैंकर से ईंधन खाली किया जा रहा था। इसी दौरान कई लोग अपने वाहनों में पेट्रोल-डीजल भरवा रहे थे। तभी अचानक आग भड़क उठी और देखते ही देखते लपटों ने पूरे पंप परिसर को अपनी चपेट में ले लिया।

आग इतनी तेजी से फैली कि लोगों को अपनी बाइक तक हटाने का मौका नहीं मिला। कुछ ही पलों में टैंकर, बाइकें और पंप धधकने लगे। हालात ऐसे बन गए कि लोग वाहन छोड़कर जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक पूरा पेट्रोल पंप कुछ ही देर में आग के विशाल गोले में बदल गया था।हादसे में घायल हुए 13 लोगों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। पुरानी पचोर निवासी बलराम गुर्जर गंभीर रूप से झुलस गए, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल राजगढ़ रेफर किया गया। कुछ अन्य घायलों को शाजापुर भेजा गया है। देर रात तक अस्पताल में घायलों के पहुंचने का सिलसिला जारी रहा।

घटना के बाद पचोर शहर में अफरा-तफरी फैल गई। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस और प्रशासन की टीम ने मौके पर पहुंचकर आसपास के रास्ते बंद कर दिए। पचोर समेत आसपास के क्षेत्रों से दमकल वाहन बुलाए गए। करीब पौन घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका, जिससे बड़ा हादसा टल गया। फिलहाल आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।

रिपोर्टर

संबंधित पोस्ट