भिवंडी के उर्दू स्कूलों में भर्ती घोटाले का आरोप, 10-12 करोड़ के लेनदेन की आशंका
- महेंद्र कुमार (गुडडू), ब्यूरो चीफ भिवंडी
- Apr 20, 2026
- 61 views
भिवंडी। शहर के उर्दू माध्यम प्राथमिक स्कूलों में कथित तौर पर बड़े पैमाने पर अवैध शिक्षक भर्ती और भ्रष्टाचार का मामला सामने आया है। इस संबंध में एक नागरिक फैज फरीद खान ने लाचलुचपत प्रतिबंधक विभाग, ठाणे और भिवंडी निजामपुर महानगरपालिका के शिक्षणाधिकारी को शिकायत देकर उच्च स्तरीय जांच की मांग की है। शिकायत के अनुसार, न्यू नेशनल उर्दू प्राथमिक स्कूल (पिरानीपाड़ा), के.जी.एन. उर्दू प्राथमिक स्कूल (शांतिनगर), अलहेरा, अल उम्मत, म्हाडा कॉलोनी, हुडा, इक़रा, नजीर और तौहीद उर्दू स्कूलों में करीब 70 शिक्षकों की नियुक्तियां नियमों के विरुद्ध की गई हैं। आरोप है कि इनमें से कई शिक्षक टीईटी (शिक्षक पात्रता परीक्षा) उत्तीर्ण नहीं हैं, इसके बावजूद उन्हें पदों पर नियुक्त किया गया। शिकायतकर्ता का दावा है कि भर्ती प्रक्रिया के दौरान किसी प्रकार के वैध सरकारी आदेश जारी नहीं हुए थे। इसके बावजूद स्कूल प्रबंधन द्वारा कथित रूप से फर्जी दस्तावेज और अधिकारियों के नकली हस्ताक्षरों का उपयोग कर नियुक्तियां की गईं। मामले में गंभीर आरोप लगाते हुए कहा गया है कि प्रत्येक नियुक्ति के लिए 15 से 18 लाख रुपये तक की रकम ली गई, जिससे कुल 10 से 12 करोड़ रुपये के भ्रष्टाचार की आशंका जताई जा रही है। शिकायत के साथ कुछ सबूत भी उपलब्ध कराए जाने का दावा किया गया है। इसके अलावा, एक शिक्षक द्वारा इस कथित अनियमितता का खुलासा किए जाने के बाद संबंधित स्कूलों द्वारा उसे नौकरी से निकालने का आरोप भी सामने आया है। शिकायत में यह भी कहा गया है कि अयोग्य शिक्षकों की नियुक्ति से शिक्षा की गुणवत्ता पर असर पड़ रहा है, जो विद्यार्थियों के भविष्य के लिए गंभीर चिंता का विषय है। फिलहाल इस पूरे मामले में प्रशासन की कार्रवाई का इंतजार किया जा रहा है।


रिपोर्टर