मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत डॉ. गढ़पाले द्वारा जनपद नरसिंहगढ़ के कई कर्मचारियों का वेतन काटने व अटैच करने के दिए निर्देश

राजगढ़ । मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत डॉ. इच्छित गढ़पाले द्वारा गुरुवार को जनपद पंचायत नरसिंहगढ़ में ग्राम पंचायत स्तरीय योजनाओं की बिंदुवार समीक्षा बैठक की गई। बैठक के दौरान कार्यों में प्रगति न पाए जाने और अनुशासनहीनता बरतने वाले अधिकारियों व कर्मचारियों पर कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

साथ ही 'एक बगिया माँ नाम' अभियान अंतर्गत ग्राम पंचायत टिकरिया में योजना का एक भी कार्य प्रारंभ न होने पर कड़ी नाराजगी व्यक्त करते हुए मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत डॉ. गढ़पाले ने बी.पी.एम. (एस आर एल एम), संबंधित उपयंत्री और कृषि सखी का 03-03 दिवस का वेतन काटने के निर्देश दिए। वहीं ग्राम पंचायत कांकरियामीना के ग्राम रोजगार सहायक को बैठक में अनुपस्थित रहने पर तत्काल प्रभाव से जनपद मुख्यालय अटैच करने के निर्देश दिए गए।मनरेगा एवं तकनीकी अमला जनपद की कुल प्रगति संतोषजनक न होने के कारण मनरेगा ए.पी.ओ. और दो सहायक यंत्रियों का 03-03 दिन का वेतन काटने तथा ए.पी.ओ. का वेतन आगामी प्रगति आने तक रोकने के निर्देश दिए गए।

इसी के साथ जल गंगा संवर्धन अभियान ग्राम पंचायत लसुडल्यापाता में स्वीकृत 09 कार्यों में से एक भी कार्य पूर्ण न होने पर संबंधित ग्राम रोजगार सहायक को जनपद पंचायत नरसिंहगढ़ अटैच किया गया।साथ ही उत्तरदायी उपयंत्रियों को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए।

बैठक में अनुपस्थित रहने पर ग्राम पंचायत बुचाखेड़ी के सचिव एवं ग्राम रोजगार सहायक का 03-03 दिवस का वेतन काटने के निर्देश दिए गए।समीक्षा के अंत में मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत डॉ. गढ़पाले ने निर्देशित किया कि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी भी प्रकार की शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी अधिकारी- कर्मचारी निर्धारित समय-सीमा में कार्य पूर्ण करना सुनिश्चित करें, ताकि आमजन को शासन की योजनाओं का लाभ समय पर प्राप्त हो सके।

रिपोर्टर

संबंधित पोस्ट