नवोदय में चयन से गांव में खुशी की लहर, छात्र हर्ष सिंह का भव्य स्वागत
- वेद प्रकाश शुक्ल, विशेष संवाददाता
- Mar 19, 2026
- 61 views
बरसठी (जौनपुर)। कंपोजिट विद्यालय आदमपुर, बरसठी के कक्षा 5 के मेधावी छात्र हर्ष सिंह (पुत्र विजय कुमार सिंह) का चयन प्रतिष्ठित नवोदय विद्यालय में होने पर पूरे गांव में खुशी और गर्व का माहौल है। इस उल्लेखनीय उपलब्धि पर विद्यालय परिवार एवं ग्रामीणों ने छात्र का भव्य स्वागत किया।
विद्यालय के प्रधानाध्यापक सुभाष सरोज ने हर्ष सिंह का मुंह मीठा कराकर एवं माल्यार्पण कर सम्मानित किया। इस अवसर पर उपस्थित शिक्षकों एवं ग्रामीणों ने छात्र की इस सफलता को विद्यालय ही नहीं, बल्कि पूरे क्षेत्र के लिए गौरवपूर्ण बताया। कार्यक्रम के दौरान गांव के लोगों ने हर्ष सिंह को बधाइयां देते हुए उसके उज्ज्वल भविष्य की कामना की और विश्वास जताया कि वह आगे चलकर विद्यालय एवं क्षेत्र का नाम रोशन करेगा।
स्वागत समारोह में विद्यालय के शिक्षकगण—विनोद कुमार यादव, सजीवन यादव, संदीप सिंह, मनोज राय, त्रिभुवन प्रसाद, नीलम सिंह, शालिनी गुप्ता, नीलम रावत, कंचन यादव तथा ग्राम प्रधान शिवकुमार यादव सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे। सभी ने छात्र की मेहनत और लगन की सराहना करते हुए अन्य विद्यार्थियों को भी उससे प्रेरणा लेने का संदेश दिया। हर्ष सिंह की इस सफलता ने न केवल उसके परिवार, बल्कि पूरे क्षेत्र को गौरवान्वित किया है। यह उपलब्धि ग्रामीण प्रतिभाओं के लिए एक प्रेरणास्रोत बनकर उभरी है।


रिपोर्टर