सीएचसी बरसठी का मुख्य मार्ग बंद, विशाल यूकेलिप्टस गिरने से थमी आवाजाही; डिलीवरी मरीज को पैदल पहुंचना पड़ा अस्पताल



बरसठी (जौनपुर)। बुधवार रात से हो रही लगातार मूसलाधार बारिश का असर गुरुवार सुबह सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) बरसठी जाने वाले मुख्य मार्ग पर देखने को मिला। रेलवे फाटक के समीप एक विशाल यूकेलिप्टस का पेड़ जड़ से उखड़कर सड़क और पास स्थित एक मकान पर गिर पड़ा, जिससे अस्पताल का मुख्य संपर्क मार्ग पूरी तरह अवरुद्ध हो गया। मार्ग बंद होने से एम्बुलेंस, मरीजों, स्वास्थ्यकर्मियों और राहगीरों की आवाजाही घंटों तक प्रभावित रही।


जानकारी के अनुसार, यह पेड़ सरसरा गांव निवासी संतोष कुमार वैश्य के मकान पर गिरा। तेज धमाके की आवाज सुनकर परिवार के लोग और आसपास के ग्रामीण घबरा गए तथा मौके पर बड़ी संख्या में लोग जुट गए। गनीमत रही कि घटना के समय कोई व्यक्ति पेड़ की चपेट में नहीं आया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।


पेड़ गिरने से निगोह-मियांचक मुख्य मार्ग से सीएचसी बरसठी को जोड़ने वाला लिंक रोड पूरी तरह बंद हो गया। इसका सबसे अधिक असर अस्पताल पहुंचने वाले मरीजों पर पड़ा। डिलीवरी के लिए आई सपना गौतम, पत्नी विनोद कुमार गौतम, निवासी कानपर, को रास्ता बंद होने के कारण एम्बुलेंस से बीच रास्ते में उतरना पड़ा। बारिश के बीच उन्हें पैदल चलकर अस्पताल पहुंचना पड़ा। अन्य मरीजों और उनके परिजनों को भी भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ा।


ग्रामीणों का कहना है कि लगातार हो रही बारिश के कारण पेड़ की जड़ें कमजोर हो गई थीं, जिससे वह अचानक धराशायी हो गया। लोगों का मानना है कि यदि उस समय सड़क से कोई वाहन या राहगीर गुजर रहा होता तो बड़ा हादसा हो सकता था।


घटना के बाद स्थानीय लोगों ने प्रशासन से शीघ्र पेड़ हटाकर मार्ग को चालू कराने की मांग की है, ताकि सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र तक एम्बुलेंस और अन्य वाहनों का आवागमन सुचारु रूप से शुरू हो सके तथा मरीजों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।

रिपोर्टर

संबंधित पोस्ट