जिला उपार्जन समिति की बैठक संपन्न, गेहूं उपार्जन की तैयारियों की समीक्षा

राजगढ़ । कलेक्टर डॉ. गिरीश कुमार मिश्रा की अध्यक्षता में बुधवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिला उपार्जन समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में आगामी गेहूं उपार्जन कार्य को सुचारू एवं व्यवस्थित रूप से संपन्न कराने हेतु की जा रही तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की गई। कलेक्टर डॉ. मिश्रा ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि उपार्जन केंद्रों पर सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय पूर्व सुनिश्चित की जाएं, ताकि किसानों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। उन्होंने तौल कांटे, बारदान, परिवहन, भंडारण तथा पेयजल एवं छाया जैसी मूलभूत सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

बैठक में बताया गया कि जिले में निर्धारित उपार्जन केंद्रों पर पंजीकृत किसानों से समर्थन मूल्य पर गेहूं खरीदी की जाएगी। कलेक्टर डॉ. मिश्रा ने कहा कि उपार्जन प्रक्रिया में पारदर्शिता एवं सुगमता बनाए रखना सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। इसके लिए संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें। कलेक्टर डॉ. मिश्रा ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि उपार्जन कार्य के दौरान किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए तथा समय-समय पर निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की मॉनिटरिंग की जाए। साथ ही किसानों को उपार्जन संबंधी आवश्यक जानकारी समय पर उपलब्ध कराई जाए।

रिपोर्टर

संबंधित पोस्ट