रक्षाबंधन पर जवानों की कलाइयों पर सजी राखी, बहनों ने की लंबी उम्र की कामना
- कुमार चन्द्र भुषण तिवारी, उप संपादक बिहार
- Aug 27, 2026
- 10 views
ब्यूरो चीफ प्रेम कुमार की रिपोर्ट
गयाजी। 6 बिहार बटालियन एनसीसी में रक्षाबंधन के अवसर पर विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मातृशक्ति दुर्गावाहिनी की बहनों एवं दो निजी स्कूलों के बच्चों ने 6 बिहार बटालियन के कमांडिंग ऑफिसर कर्नल पंकज कुमार कीर्ति चक्र की कलाई पर राखी बांधकर किया। इसके बाद बारी-बारी से बहनों एवं बच्चों ने अधिकारियों और जवानों की कलाइयों पर राखी बांधी तथा उनकी लंबी आयु और उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
इस अवसर पर कमांडिंग ऑफिसर कर्नल पंकज कुमार ने कहा कि रक्षाबंधन भाई-बहन के प्रेम, विश्वास और सुरक्षा के संकल्प का पर्व है। सैनिक देश की सीमाओं और आंतरिक सुरक्षा में अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करते हुए राष्ट्र की रक्षा के लिए सदैव तत्पर रहते हैं। ऐसे अवसरों पर बहनों द्वारा जवानों की कलाई पर राखी बांधना उनके मनोबल को बढ़ाता है और उन्हें यह एहसास कराता है कि पूरा समाज उनके साथ खड़ा है।
उन्होंने कहा कि एनसीसी कैडेटों में देशभक्ति, अनुशासन और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना विकसित करना भी एनसीसी का महत्वपूर्ण उद्देश्य है। रक्षाबंधन जैसे कार्यक्रम आपसी भाईचारे और सामाजिक एकता को मजबूत करने का संदेश देते हैं। कार्यक्रम के दौरान जवानों और बच्चों के बीच भावनात्मक एवं आत्मीय माहौल बना रहा।


रिपोर्टर