महिला दिवस पर प्रशिक्षण प्राप्त महिलाओं ने तैयार की संस्थान की यूनिफॉर्म

राजगढ़ । अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के  अवसर पर ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान राजगढ़ ने महिला सशक्तिकरण और स्वावलंबन का एक उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत किया है। संस्थान से सिलाई प्रशिक्षण प्राप्त कर चुकीं ग्रामीण महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से संस्थान की आधिकारिक ड्रेस तैयार करने का कार्य सौंपा गया था, जिसे महिलाओं ने कुशलतापूर्वक पूर्ण कर संस्थान को सुपुर्द कर दिया है।

जिले के ग्राम बरखेड़ा भोजा की सुश्री राधा गौड़ एवं सुश्री पूजा नागर ने अपनी मेहनत और हुनर से इस कार्य को समय सीमा में पूरा किया। इस उपलब्धि पर आयोजित कार्यक्रम में विशेष रूप से बैंक ऑफ इंडिया ऑडिट विभाग के श्री शैलेश एम. कांबले उपस्थित रहे। उन्होंने महिलाओं द्वारा तैयार की गई ड्रेस की गुणवत्ता की सराहना की और इसे ग्रामीण स्वरोजगार की दिशा में एक बड़ा कदम बताया।

संस्थान के निदेशक अनिमेष मालवीय ने बताया कि हमारा लक्ष्य केवल प्रशिक्षण देना नहीं, बल्कि प्रशिक्षित युवाओं को बाजार और काम के अवसर उपलब्ध कराना है। आज महिला दिवस पर हमारे ही संस्थान की महिलाओं द्वारा बनाई गई ड्रेस को अपनाना हमारे लिए अत्यंत गौरवपूर्ण है।संस्थान द्वारा ग्रामीण युवाओं और महिलाओं को विभिन्न ट्रेडों में निःशुल्क प्रशिक्षण प्रदान कर उन्हें समाज की मुख्यधारा से जोड़ने का कार्य निरंतर जारी है।

रिपोर्टर

संबंधित पोस्ट