कलेक्टर डॉ. गिरीश कुमार मिश्रा द्वारा योजनाओं कि की गई गहन समीक्षा लापरवाही पर जुर्माना और नोटिस
- राजेंद्र यादव, ब्यूरो चीफ, मध्यप्रदेश
- Feb 23, 2026
- 133 views
राजगढ़ । कलेक्टर डॉ. गिरीश कुमार मिश्रा की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में सोमवार को समय सीमा बैठक आयोजित की गई। आयोजित समय सीमा बैठक में सीएम हेल्पलाइन प्रकरणों, सीएम मॉनिटरिंग तथा लंबित न्यायालयीन प्रकरणों एवं विभिन्न विभागों की कार्यप्रगति एवं जनकल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत समीक्षा की गई। बैठक में कलेक्टर डॉ. मिश्रा द्वारा निर्देशित किया गया कि किसी भी विभाग द्वारा मैनुअल आवेदन स्वीकार नहीं किए जाएंगे। सभी प्रक्रियाएं ऑनलाइन माध्यम से ही संपादित की जाएं। साथ ही “सार्थक” ऐप के माध्यम से उपस्थिति को समय सीमा बैठक का स्थायी एजेंडा बनाया गया है। सभी विभागों को 95 प्रतिशत तक उपस्थिति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही तय करने की बात कही गई।
कलेक्टर डॉ. मिश्रा द्वारा वन विभाग से संबंधित शिकायतों पर असंतोष व्यक्त करते हुए विभाग की ग्रेडिंग ‘डी’ आने पर नाराजगी व्यक्त की गई तथा सीसीएफ को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए। सीएम हेल्पलाइन में शिकायतों का समय पर निराकरण न करने पर सहकारिता, पीएचई एवं राजस्व विभाग पर 5 हजार रुपये का जुर्माना लगाने के निर्देश दिए गए। ब्यावरा परियोजना में एक वर्ष से अधिक समय से लंबित शिकायतों पर संतोषजनक जवाब दर्ज न करने के कारण संबंधित सीडीपीओ एवं सुपरवाइजर को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में सीएम हेल्पलाइन, “संकल्प से समाधान” अभियान, समग्र ई-केवाईसी, ब्यावरा परियोजना एवं भू-अर्जन प्रकरणों की विभागवार समीक्षा की गई। कलेक्टर डॉ. मिश्रा ने निर्देश दिए कि “संकल्प से समाधान” अंतर्गत प्राप्त शिकायतों का शीघ्र निराकरण सुनिश्चित किया जाए। समग्र ई-केवाईसी कार्य को सभी अधिकारी प्राथमिकता से पूर्ण करें। सभी अनुविभागीय (राजस्व) अधिकारी को निर्देशित किया गया कि भू-अर्जन प्रकरणों में खसरा क्रमांक का सत्यापन कर प्रकरण शीघ्र प्रस्तुत करें। कलेक्टर डॉ. मिश्रा ने कहा कि शासन की प्राथमिकता वाली योजनाओं में किसी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी तथा सभी विभाग समयबद्ध एवं गुणवत्ता पूर्ण कार्य सुनिश्चित करें।
उन्होंने सीएम हेल्पलाईन में उत्कृष्ट कार्य करने वाले टॉप 5 अधिकारियों जिनमें श्री उमेश मिश्रा कनिष्ट अभियंता ऊर्जा विभाग, श्री अमित रघुवंशी रीजनल मेनेजर संस्थागत वित्त, श्री अभिषेक जैन मुख्य नगर पालिका अधिकारी नरसिंहगढ, नगर पालिका नगर परिषद अन्य नगर निकाय, श्री जितेन्द्र जमरा कनिष्ठ आपूर्ति अधिकारी सांरगपुर एवं खाद्य आपूर्ति विभाग श्री हरेन्द्र सिंह सिकरवार मंडी सचिव नरसिंहगढ़ कृषि उपज मंडी को सम्मानित कर प्रशंसा पत्र प्रदान किए।


रिपोर्टर