तेज रफ्तार टेम्पो ने स्कूटर सवार को मारी टक्कर, सात दिन इलाज के दौरान मौत

अज्ञात चालक पर मामला दर्ज

भिवंडी। शहर में तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने का एक दर्दनाक मामला सामने आया है, जहां अज्ञात टेम्पो चालक की टक्कर से गंभीर रूप से घायल स्कूटर सवार की इलाज के दौरान मौत हो गई। इस घटना के बाद नारपोली पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 3 जनवरी की रात करीब 8 बजे ताडाली-वलगांव पाइपलाइन रोड के पास, कामतघर क्षेत्र में यह दुर्घटना हुई। मृतक की पहचान दीपककुमार अरविंद करनिया (46) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि दीपककुमार अपनी टी.डी.एस. कंपनी की स्कूटर (एमएच-05 एफएल-4633) से जा रहे थे। इसी दौरान पीछे से तेज गति से आए एक अज्ञात टोम्पो चालक ने लापरवाही से वाहन चलाते हुए स्कूटर को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि स्कूटर सवार दीपककुमार के सिर में गंभीर चोट आई। उन्हें तुरंत उपचार के लिए ठाणे के जुपिटर अस्पताल में भर्ती कराया गया। लेकिन इलाज के दौरान 11 जनवरी को सुबह करीब 3:25 बजे उनकी मौत हो गई इस मामले में पुलिस हवलदार मिलिंद हरी पवार की शिकायत पर नारपोली पुलिस स्टेशन में अज्ञात टोम्पो चालक के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 106(1), 281 तथा मोटर वाहन अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने बताया कि दुर्घटना के बाद आरोपी चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया। आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगालकर आरोपी की पहचान करने की कोशिश की जा रही है। लगातार हो रही सड़क दुर्घटनाओं ने शहर की ट्रैफिक व्यवस्था और भारी वाहनों की निगरानी पर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों ने भी प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग की है।

रिपोर्टर

संबंधित पोस्ट