भारतीय स्टेट बैंक की शाखा में पुराने किसान क्रेडिट कार्ड ऋण धारकों के लिए एक महत्वपूर्ण अभियान चलाया

 संवाददाता नवलेश कुमार की रिपोर्ट 

कोच (गया)-- प्रखंड अंतर्गत उसास देवरा बाजार स्थित भारतीय स्टेट बैंक  की शाखा में पुराने किसान क्रेडिट कार्ड  ऋण धारकों के लिए एक महत्वपूर्ण अभियान चलाया जा रहा है। शाखा प्रबंधक मंतोष कुमार ने क्षेत्र के किसानों और ऋण लाभार्थियों से विशेष अपील की है कि वे अपने पुराने और लंबित केसीसी खातों का निपटारा जल्द से जल्द करें। शाखा प्रबंधक ने जानकारी दी कि कई किसानों के केसीसी खाते पुराने हो चुके हैं, जिससे उन्हें ब्याज दर में मिलने वाली सरकारी सब्सिडी का पूरा लाभ नहीं मिल पा रहा है। उन्होंने बैंक परिसर में किसानों को संबोधित करते हुए कहा कि पुराने लोन को बंद कराकर नया केसीसी कराने से किसानों को न केवल ऋण की नई सीमा प्राप्त होगी, बल्कि वे सरकार द्वारा दी जाने वाली ब्याज छूट  और समय पर भुगतान करने वाले किसानों को मिलने वाले अतिरिक्त लाभों के भी पात्र बन सकेंगे। शाखा प्रबंधक मंतोष कुमार ने सभी पुराने ऋण धारकों को बैंक आकर अपने खातों को अपडेट करने और पुराने बकाया को चुकता कर नया लोन लेने की सलाह दी है।नया केसीसी कराने से किसानों को खेती के लिए आवश्यक पूंजी उपलब्ध होगी और बैंक की नई सुविधाओं का लाभ मिल सकेगा उन्होंने स्पष्ट किया कि बैंक किसानों के सहयोग के लिए सदैव तत्पर है और सही समय पर ऋण का लेनदेन बैंक और किसान दोनों के आर्थिक स्वास्थ्य के लिए आवश्यक है। 

इस मौके पर बैंक कर्मियों द्वारा किसानों को केसीसी ऋण से संबंधित कागजी प्रक्रियाओं और नई ब्याज दरों के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। मंतोष कुमार ने आग्रह किया कि ग्रामीण क्षेत्रों के किसान बिचौलियों के चक्कर में न पड़ें और सीधे बैंक आकर अपना कार्य निष्पादित कराएं। किसानों ने भी इस पहल की सराहना की और बैंक के साथ समन्वय बनाकर ऋण प्रक्रिया को पूरा करने का भरोसा दिलाया।

रिपोर्टर

संबंधित पोस्ट