नगर परिषद में कर्मचारियों को वितरित किए गर्म कपड़े
- राजेंद्र यादव, ब्यूरो चीफ, मध्यप्रदेश
- Jan 24, 2026
- 32 views
तलेन । शनिवार को नगर परिषद तलेन में शीत ऋतु को ध्यान में रखते हुए नगर परिषद कर्मचारियों के हित में एक सराहनीय पहल की गई। नगर परिषद अध्यक्ष नारायण सिंह यादव एवं मुख्य नगर पालिका अधिकारी बृजेश कुमार आर्य की गरिमामयी उपस्थिति में नगर परिषद के समस्त कर्मचारियों को गर्म कपड़े एवं ट्रैकसूट वितरित किए गए।
कार्यक्रम नगर परिषद कार्यालय परिसर में आयोजित किया गया, जहां बड़ी संख्या में अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे। इस अवसर पर अध्यक्ष नारायण सिंह यादव ने कहा कि नगर परिषद के कर्मचारी दिन-रात नागरिकों की सेवा में लगे रहते हैं। ठंड के मौसम में उनकी कार्यक्षमता और स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए यह व्यवस्था की गई है, ताकि वे पूरी निष्ठा और ऊर्जा के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन कर सकें।
मुख्य नगर पालिका अधिकारी बृजेश कुमार आर्य ने अपने संबोधन में कहा कि कर्मचारियों की सुविधाओं और कल्याण के लिए नगर परिषद सदैव प्रतिबद्ध है। उन्होंने बताया कि स्वच्छता, जल आपूर्ति, प्रकाश व्यवस्था सहित विभिन्न सेवाओं को सुचारु रूप से संचालित करने में कर्मचारियों की भूमिका अहम है और ऐसे प्रयास उनके मनोबल को बढ़ाने में सहायक होते हैं।
कार्यक्रम के दौरान कर्मचारियों में विशेष उत्साह देखने को मिला। कर्मचारियों ने नगर परिषद प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस प्रकार की पहल से न केवल राहत मिलती है, बल्कि यह सम्मान और अपनत्व की भावना भी उत्पन्न करती है।
कार्यक्रम के अंत में नगर परिषद अध्यक्ष एवं मुख्य नगर पालिका अधिकारी ने सभी कर्मचारियों से नगर के विकास और स्वच्छता को प्राथमिकता देते हुए अपने कार्यों को और अधिक जिम्मेदारी से करने का आह्वान किया। आयोजन शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ।


रिपोर्टर