कुंडीबेह में देश का पहला “जल अर्पण कार्यक्रम” 23 दिसम्‍बर को कलेक्‍टर ने व्‍यवस्‍थाओं का लिया जायजा

राजगढ़ । जल एवं स्वच्छता समिति के तत्वावधान में ग्राम पंचायत कुंडीबेह में जल अर्पण कार्यक्रम का आयोजन 23 दिसम्‍बर, 2025 को किया जा रहा हैं। यह कार्यक्रम देश में पहली बार आयोजित हो रहा है, जो जल संरक्षण एवं जल के महत्व को जन-जन तक पहुंचाने की दिशा में एक ऐतिहासिक पहल हैं। इस अवसर पर कार्यक्रम में डायरेक्टर जल जीवन मिशन भारत सरकार श्री विकास कुमार, संयुक्त संचालक जल जीवन मिशन भारत सरकार सुश्री स्वाति मीना नायक, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग मध्यप्रदेश शासन श्रीमती संपत्तिया उईके, प्रमुख सचिव लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग श्री पी. नरहरी तथा प्रबंध संचालक मध्यप्रदेश जल निगम श्री के.वी.एस. चौधरी की गरिमामयी उपस्थिति रहेगी।

जल अर्पण कार्यक्रम में जल जागरूकता से जुड़ी विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जाएगी। जिनमें प्रमुख रूप से प्रभात फेरी (स्कूल एवं गांव के बच्चों की सहभागिता से), जल बंधन (टंकी एवं नल से जुड़ी गतिविधि), जल वंदना (लोकगीत एवं नुक्कड़ नाटक के माध्यम से जल की महत्ता का संदेश), जल संकल्प, जल श्रृंगार, हर घर जल घोषणा आदि गतिविधियां सम्मिलित होंगी। यह कार्यक्रम जल जीवन मिशन के उद्देश्यों को साकार करने एवं ग्रामीण क्षेत्रों में जल संरक्षण, जल प्रबंधन और हर घर स्वच्छ पेयजल उपलब्धता के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने में मील का पत्थर साबित होगी। उक्‍त कार्यक्रम की व्‍यवस्‍थाओं का कलेक्‍टर ने कार्यक्रम स्‍थल पर पहुंचकर जायजा लिया।

रिपोर्टर

संबंधित पोस्ट