भिवंडी में विजयादशमी पर नौ कुंडीय शक्ति संवर्धन महायज्ञ संपन्न
- महेंद्र कुमार (गुडडू), ब्यूरो चीफ भिवंडी
- Oct 03, 2025
- 198 views
भिवंडी। विजयादशमी के पावन अवसर पर शहर के कामतघर स्थित गायत्री प्रजापीठ, गौशाला परिसर में नौ कुंडीय शक्ति संवर्धन महायज्ञ का आयोजन वैदिक मंत्रोच्चार और श्रद्धा-भक्ति के बीच संपन्न हुआ। इस मौके पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने यज्ञ में भाग लेकर आहुतियां अर्पित कीं और वातावरण को आध्यात्मिक ऊर्जा से पवित्र बनाया।गायत्री प्रजापीठ की ब्रह्मवंदनीय बहनों की टोली ने यज्ञ स्थल पर कई परिवारों के जन्मदिवस, संस्कार और विद्यारंभ संस्कार जैसे धार्मिक कार्यक्रम पूरे कराए। इस अवसर पर आचार्य ने यज्ञ परंपरा को प्राचीन विज्ञान बताते हुए कहा कि यज्ञ व्यक्ति, वातावरण और चेतना के सूक्ष्म स्तर को शुद्ध करता है। उन्होंने बताया कि यज्ञ नकारात्मक ऊर्जा को समाप्त कर सकारात्मक ऊर्जा का संवर्धन करता है। “ईश्वर ऊर्जा का ही स्वरूप है और यज्ञ के माध्यम से हम उसी शुद्ध और जीवंत ऊर्जा के समीप पहुंचते हैं,” उन्होंने कहा।परिवाज्रिका सुषमा दीदी ने भी उपस्थित श्रद्धालुओं को संबोधित करते हुए कहा कि यज्ञ की तकनीक से प्राप्त शक्ति अत्यंत शुद्ध और जीवनदायी होती है। पंचभूतों, मंत्रोच्चार और यंत्रों से उत्पन्न ऊर्जा जब पृथ्वी तत्व से स्पर्श करती है तो वातावरण को भौतिक और सूक्ष्म दोनों स्तरों पर परिशुद्ध करती है।कार्यक्रम को सफल बनाने में गीता बेन पटेल, सुनीता नायक, ममता शर्मा सहित सभी परिजनों का विशेष योगदान रहा।


रिपोर्टर