शासन अभियान में काम कर रहे पालिका के दो कर्मचारी को किया गया कार्यमुक्त

भिवंडी। भिवंडी-निजामपुर महानगर पालिका आयुक्त अनमोल सागर ने "दीनदयाल अंत्योदय योजना-राष्ट्रीय नगरीय आजीविका मिशन (NULM)" के अंतर्गत कार्यरत दो कर्मचारियों की कार्यमुक्ति का आदेश जारी किया है। आयुक्त सागर ने इस संबंध में नगर परिषद प्रशासन संचालनालय, राष्ट्रीय नगरीय आजीविका मिशन के सह-आयुक्त को पत्र भेजकर कैलास राजधर पाटील और संजय ठाकरे को पद से हटाने की संस्तुति की है।जानकारी के अनुसार, केंद्र सरकार प्रायोजित इस योजना के तहत शहरी गरीब लाभार्थियों को रोजगार और आजीविका आधारित सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए कैलास पाटील और संजय ठाकरे की नियुक्ति शहर अभियान प्रबंधक (सिटी मिशन मैनेजर) के रूप में मानधन आधार पर की गई थी। दोनों की नियुक्ति नगर परिषद प्रशासन संचालनालय के माध्यम से भिवंडी-निजामपुर महानगर पालिका में हुई थी। लेकिन, आयुक्त के अनुसार दोनों कर्मचारियों का कार्य संतोषजनक नहीं रहा। उन्हें बार-बार सौंपे गए कार्य पूरे नहीं किए गए और कई बार वे बिना सूचना अनुपस्थित भी रहे। विशेष रूप से, पिछले कई वर्षों से उनके जिम्मे सौंपा गया फेरीवाला सर्वेक्षण अधूरा पड़ा है। इसके अलावा बायोमेट्रिक फेरीवाला सर्वे, गैर-फेरीवाला नीति का कार्यान्वयन, बेघर निवारा केंद्रों के भुगतान और अन्य शासन योजनाओं से जुड़े कार्यों में भी उन्होंने टालमटोल की। इन आरोपों के आधार पर आयुक्त ने दोनों कर्मचारियों की सेवाएं समाप्त करने का निर्णय लिया है। साथ ही पत्र में यह भी उल्लेख किया गया है कि उनकी जगह शीघ्र ही दो नए अभियान प्रबंधकों की नियुक्ति भिवंडी-निजामपुर महानगर पालिका में की जाएगी।

रिपोर्टर

संबंधित पोस्ट