स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार मुख्य चिकित्सा एवं जिला स्वास्थ्य अधिकारी ने किया जिला अस्पताल का औचक निरीक्षण

 

राजगढ़ । मुख्य चिकित्सा एवं जिला स्वास्थ्य अधिकारी  डॉ. शोभा पटेल ने गुरुवार को जिला अस्पताल का औचक निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने अस्पताल की साफ-सफाई व्यवस्था का बारीकी से निरीक्षण किया और मरीजों से मिलकर उनका हालचाल जाना।

निरीक्षण के दौरान मुख्य चिकित्सा एवं जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. पटेल ने भर्ती मरीजों से उनके उपचार और देखभाल के बारे में जानकारी ली। उन्होंने मरीजों से कहा कि अस्पताल में सभी सुविधाएं पूरी तरह से निःशुल्क हैं और किसी भी कर्मचारी को किसी भी सेवा के लिए कोई भी राशि नहीं दी जानी चाहिए। यदि कोई कर्मचारी पैसे की मांग करता है, तो इसकी शिकायत तुरंत उच्च अधिकारियों से की जा सकती है।


 टीकाकरण और पंजीयन में मिली खामियां

निरीक्षण के दौरान मेटरनिटी वार्ड में पहुंचीं मुख्य चिकित्सा एवं जिला स्वास्थ्य अधिकारी ने एक-एक मरीज की केस शीट देखी और उन्हें दिए जा रहे उपचार की जानकारी ली। डीपीएम सुश्री शिखा सरावगी ने महिलाओं के टीकाकरण कार्ड में पाई गई कमियों पर संबंधित कर्मचारी को तुरंत बुलाया। इसके अलावा, एक गर्भवती महिला का आठ महीने तक पंजीयन नहीं होने पर संबंधित आशा कार्यकर्ता को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए। इस लापरवाही को गंभीरता से लेते हुए उन्होंने कहा कि ऐसी लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।


 कर्मचारियों को दिए आवश्यक दिशा-निर्देश

मुख्य चिकित्सा एवं जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. पटेल ने सिविल सर्जन डॉ. नितिन पटेल को अस्पताल की व्यवस्थाओं में सुधार के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने सभी कर्मचारियों को निर्देश देते हुए कहा कि वे मरीजों के साथ मधुर और सहयोगात्मक रवैया अपनाएं। साथ ही मरीजों को बेहतर इलाज के साथ-साथ भावनात्मक सहयोग भी मिलना चाहिए। यह निरीक्षण यह सुनिश्चित करने के लिए किया गया कि सरकारी स्वास्थ्य सेवाएं जनता तक प्रभावी ढंग से पहुंच सकें और उन्हें किसी भी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े। इस अवसर पर आरएमओ डॉ अमित कोहली, डॉ मनीषा मित्तल सहित स्वास्थ्य कर्मचारी मौजूद थे।   

रिपोर्टर

संबंधित पोस्ट