
भिवंडी कोर्ट में पार्किंग विवाद को लेकर खौफनाक टकराव
- महेंद्र कुमार (गुडडू), ब्यूरो चीफ भिवंडी
- Aug 19, 2025
- 754 views
अध्यक्ष किरण चेन्नै और वकील संजय श्रीवास्तव पर दो तरफा केस
हथियारों की नोंक पर धमकियां; मकोका और एससी-एसटी एक्ट तक पहुंचा मामला
भिवंडी। सोमवार दोपहर भिवंडी न्यायालय परिसर सहित अशोक नगर इलाका रणभूमि में तब्दील हो गया। मामूली कार पार्किंग विवाद ने अचानक भयावह रूप ले लिया और वकील बिरादरी के दो गुट आमने-सामने आ गए। वकील संगठन के अध्यक्ष किरण दत्तू चेन्नै से हुई झड़प में न केवल गाली-गलौज और धमकियां दी गईं, बल्कि हथियार तक लहराए गए। इस वारदात ने पूरे शहर को हिलाकर रख दिया है।
वकील संजय अशोक श्रीवास्तव की शिकायत पर शांतिनगर पुलिस ने वकील संगठन अध्यक्ष किरण चेन्नै, शाहीद, शंकर बाबूराव दरेकर, आकुश उर्फ बंटी जाधव और दो अज्ञात आरोपियों के खिलाफ अपराध क्रमांक 973/2025 दर्ज किया है। आरोप है कि कोर्ट परिसर में विवाद के बाद आरोपी अशोक नगर स्थित उनके कार्यालय के पास पहुंचे और बंदूक-चाकू लहराते हुए जान से मारने की धमकी दी। बीच-बचाव करने वालों पर पत्थर फेंकने की कोशिश भी हुई। पुलिस ने इस मामले में भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के साथ-साथ आर्म्स एक्ट, क्रिमिनल लॉ अमेंडमेंट एक्ट और संगठित अपराध नियंत्रण अधिनियम (मकोका) की धाराएँ लगाई हैं।
दूसरी ओर, खुद किरण चेन्नै ने भी प्रतिवाद में संजय श्रीवास्तव के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। उनका आरोप है कि कोर्ट परिसर में बने नो पार्किंग जोन से कार हटाने को कहने पर श्रीवास्तव भड़क गए और जातिसूचक गाली के साथ उन पर हमला करने की कोशिश की। इस आधार पर शांतिनगर पुलिस ने अपराध क्रमांक 976/2025 के तहत श्रीवास्तव, उनके भाई और पांच से छह अन्य लोगों पर मामला दर्ज किया है। इस केस में भारतीय न्याय संहिता, शस्त्र अधिनियम, महाराष्ट्र पुलिस अधिनियम के साथ अनुसूचित जाति एवं जनजाति अत्याचार निवारण अधिनियम की धाराएँ लगाई गई हैं। अशोक नगर जैसे पाश इलाके में हथियारों की नोंक पर हुई इस झड़प और वायरल हुए वीडियो ने न्यायिक सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस ने दोनों मामलों की गहन जांच शुरू कर दी है और फिलहाल किसी भी पक्ष को राहत नहीं दी गई है।
रिपोर्टर