कारगिल विजय दिवस पर विचार गोष्ठी आयोजित सेवानिवृत्त सैनिकों ने साझा किए अनुभव
- राजेंद्र यादव, ब्यूरो चीफ, मध्यप्रदेश
- Aug 04, 2025
- 165 views
राजगढ़ । प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस, शासकीय अग्रणी स्नातकोत्तर महाविद्यालय, राजगढ़ में कारगिल विजय दिवस की स्मृति में एक गरिमामय विचार गोष्ठी एवं परिचर्चा का आयोजन किया गया। समारोह ने न केवल देशभक्ति का संदेश दिया, बल्कि युवाओं को राष्ट्रसेवा के लिए प्रेरित भी किया। कार्यक्रम में सेवानिवृत्त सैनिकों श्री नवीन गुप्ता, श्री रामबाबू साहू, श्री मानसिंह यादव, श्री शेख अब्दुल अज़ीज़ एवं श्री प्रदीप कुमार शर्मा ने विद्यार्थियों के समक्ष अपने सैन्य जीवन के प्रेरणादायक अनुभव साझा किए। उन्होंने न केवल कारगिल युद्ध के दौरान भारतीय सेना की वीरता और बलिदान के बारे में बताया, बल्कि अपने व्यक्तिगत अनुभवों के माध्यम से विद्यार्थियों को देशभक्ति, अनुशासन और सेवा भावना का महत्व समझाया।
सेवानिवृत्त सैनिक श्री गुप्ता ने कहा, “कारगिल युद्ध केवल एक सैन्य विजय नहीं थी, यह देश की एकता, जज़्बे और बलिदान की प्रतीक है। आज के युवाओं को चाहिए कि वे सेना में जाकर राष्ट्र सेवा को अपना कर्तव्य मानें। सेवानिवृत्त सैनिक श्री रामबाबू साहू ने युवाओं को सेना में करियर बनाने के लिए प्रेरित करते हुए बताया कि “सेना केवल बंदूक चलाना नहीं सिखाती, बल्कि यह चरित्र निर्माण और नेतृत्व क्षमता का पाठ भी पढ़ाती है।” वहीं, सेवानिवृत्त सैनिक श्री शेख अब्दुल अज़ीज़ ने कहा कि कारगिल युद्ध ने हमें यह सिखाया कि चुनौतियाँ कितनी भी कठिन हों, यदि संकल्प मजबूत हो तो विजय अवश्य मिलती है। सेवानिवृत्त सैनिक श्री मानसिंह यादव ने युवाओं को प्रेरित करते हुए कहा कि मातृभूमि के लिए समर्पण ही सच्चा राष्ट्र धर्म है। सेवानिवृत्त सैनिक श्री प्रदीप कुमार शर्मा ने अपने उद्बोधन में सेना में अनुशासन, तकनीकी दक्षता और समर्पण के महत्व को रेखांकित किया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. वी.बी. खरे ने की। उन्होंने अपने उद्बोधन में कहा कि “देश की सुरक्षा में लगे सैनिकों के अनुभव नई पीढ़ी के लिए मार्गदर्शक बनते हैं। ऐसे आयोजनों से युवाओं में देशभक्ति की भावना जागृत होती है। कार्यक्रम का संचालन एवं संयोजन राष्ट्रीय सेवा योजना के जिला संगठक डॉ. शैलेन्द्र कुमार मेवाड़ा द्वारा किया गया। अंत में सहायक प्राध्यापक श्री प्रकाश अहिरवार ने सभी अतिथियों एवं प्रतिभागियों के प्रति आभार व्यक्त किया। उल्लेखनीय है कि यह आयोजन राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई एवं स्वामी विवेकानंद कैरियर मार्गदर्शन प्रकोष्ठ के संयुक्त तत्वावधान में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में महाविद्यालय के प्राध्यापकगण, एनएसएस स्वयंसेवक एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।


रिपोर्टर