मामूली कहासुनी में नाबालिग ने की सहकर्मी की निर्मम हत्या, भेजा गया बाल सुधार गृह

भिवंडी। भिवंडी तालुका के मानकोली स्थित लोढ़ा अपर ठाणे परिसर में फर्नीचर का काम कर रहे दो युवकों के बीच मामूली विवाद ने खौफनाक मोड़ ले लिया। विवाद के बाद एक 15 वर्षीय नाबालिग लड़के ने अपने 22 वर्षीय सहकर्मी कैसर अजगर अली की गला रेतकर हत्या कर दी। घटना के तुरंत बाद पुलिस ने आरोपी नाबालिग को हिरासत में लेकर बाल सुधार गृह भेज दिया है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, राहुल चंपालाल पारेख नामक व्यक्ति ने लोढ़ा अपर ठाणे क्षेत्र स्थित कासा सियारा इमारत के डी विंग की 16वीं मंजिल पर एक फ्लैट खरीदा है, जिसमें फर्नीचर का काम चल रहा था। बुधवार को मृतक कैसर अली और नाबालिग आरोपी दोनों वहीं पर बढ़ई का कार्य कर रहे थे। काम के दौरान किसी मामूली बात को लेकर दोनों में बहस शुरू हो गई। बताया जा रहा है कि नाबालिग अक्सर काम के दौरान कैसर अली से झगड़ा करता था और फालतू बातों पर विवाद करता रहता था। इसी बहस में गुस्से से बेकाबू होकर उसने फ्लाईवुड काटने वाले धारदार इलेक्ट्रिक कटर से कैसर के कंधे से गर्दन तक वार किया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही फ्लैट मालिक राहुल पारेख ने नारपोली पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर पंचनामा किया और आरोपी को गिरफ्तार कर बाल सुधार गृह भेज दिया। इस मामले की विस्तृत जांच अपराध शाखा के पुलिस निरीक्षक ज्ञानेश्वर कदम कर रहे है।

रिपोर्टर

संबंधित पोस्ट