2027 में भाजपा, लगातार तीसरी बार बहुमत के साथ सरकार बनाएगी : केशव प्रसाद मौर्य

रामनरेश प्रजापति की रिपोर्ट 


वरिष्ठ पत्रकार हेमंत तिवारी के पैतृक आवास पहुंचे डिप्टी सीएम; उनकी भतीजी अनामिका तिवारी को दिया आशीर्वाद, पिता से की मुलाकात 


जौनपुर। प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने बुधवार को मान्यता प्राप्त पत्रकार संघ के प्रदेश अध्यक्ष एवं वरिष्ठ पत्रकार हेमंत तिवारी के पैतृक आवास पहुंचकर उनकी भतीजी अनामिका तिवारी को वैवाहिक जीवन की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने अनामिका को आशीर्वाद देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। इस दौरान उपमुख्यमंत्री ने हेमंत तिवारी के पिता पंडित राम सन्मुख तिवारी से मुलाकात कर उनका कुशलक्षेम जाना और आशीर्वाद प्राप्त किया।

इस अवसर पर राजनीतिक चर्चा के दौरान मौर्य ने  समाजवादी पार्टी की ओर से प्रत्याशियों की घोषणा के संदर्भ में कहा कि 2027 में भाजपा लगातार तीसरी बार बहुमत के साथ सरकार बनाएगी।

 कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर चुनाव की तैयारी में जुटने का आह्वान करते हुए कहा कि प्रत्याशी कोई भी हो, लक्ष्य कमल खिलाना होना चाहिए। उन्होंने जौनपुर की सभी नौ विधानसभा सीटों पर भाजपा की जीत का दावा भी किया।

मौर्य ने बूथ स्तर पर संगठन को मजबूत करने पर जोर देते हुए प्रत्येक बूथ पर 60 प्रतिशत वोट हासिल करने का लक्ष्य रखा। पत्रकारों द्वारा पूछे गए सवाल का जवाब देते हुए चुनाव में धांधली के सवाल को खारिज किया। कहा कि पार्टी कार्यकर्ता अपने बूथ को मजबूत बनाने के लिए जुटें। उन्होंने भाजपा की चुनावी उपलब्धियों को रेखांकित किया तथा सपा, बसपा और कांग्रेस के गठजोड़ के मुकाबले एनडीए की मजबूती का भरोसा जताया। भाजपा प्राइवेट लिमिटेड कंपनी नहीं, बल्कि संगठन आधारित पार्टी है। यहां प्रत्याशियों के नाम चयन की निर्धारित प्रक्रिया के तहत पहले जिले से प्रदेश स्तर पर भेजे जाते हैं और अंततः पार्लियामेंट्री बोर्ड निर्णय लेता है। किसे टिकट मिलेगा और किसका टिकट कटेगा, इसका फैसला भी बोर्ड ही करता है। उन्होंने कहा कि भाजपा का संकल्प पत्र आता है, घोषणा पत्र नहीं।

इस मौके पर खेल एवं युवा कल्याण विभाग के राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) गिरीश चंद्र यादव, शाहगंज विधायक रमेश सिंह, बदलापुर विधायक रमेश चंद्र मिश्र, पूर्व ऊर्जा एवं नियोजन राज्यमंत्री शैलेंद्र यादव ललई, गांधी स्मारक विद्यालय संकुल के प्रबंधक हृदय प्रसाद सिंह रानू, पूर्व प्रधानाचार्य डॉ. रणजीत सिंह, युवा भाजपा नेता संजय मौर्य, भाजपा जिलाध्यक्ष अजीत प्रजापति, शिक्षक संघ के वरिष्ठ जिला उपाध्यक्ष सतीश सिंह, ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि डॉ. उमेश चंद्र तिवारी, प्रधानाचार्य डॉ अजेय प्रताप सिंह, योगेंद्र प्रताप सिंह, भाजपा नेता पवन पाल, सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

रिपोर्टर

संबंधित पोस्ट