मोहनियां टोल प्लाजा पर अवैध वसूली की शिकायत, पुलिस ने एक व्यक्ति को पकड़ा
- कुमार चन्द्र भुषण तिवारी, उप संपादक बिहार
- Oct 28, 2026
- 11 views
ब्यूरो चीफ संदीप कुमार की रिपोर्ट
कैमूर:-- मोहनियां थाना क्षेत्र के टोल प्लाजा स्थित उत्पाद चेक पोस्ट पर ट्रक चालक से कथित अवैध वसूली और धमकी देने की शिकायत के बाद पुलिस ने एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार व्यक्ति की पहचान नालंदा जिले के हिलसा थाना क्षेत्र के पचरुखिया गांव निवासी अनिल कुमार (34 वर्ष), पिता लक्ष्मी मालाकार के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके पास से एक मोबाइल फोन बरामद किया है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 27 अक्टूबर 2026 को ट्रक चालक राज सिंह राणा, निवासी बोचला मंडी, जिला झांसी (उत्तर प्रदेश), ने शिकायत की कि चेक पोस्ट पर एक व्यक्ति ने उससे कथित तौर पर 5,000 रुपये की मांग की थी। चालक का आरोप है कि भय के कारण उसने 2,500 रुपये दे दिए। उसने यह भी आरोप लगाया कि घटना की जानकारी किसी को देने पर उसे जान से मारने की धमकी दी गई। सूचना मिलने के बाद मोहनियां थाना पुलिस शाम करीब 5:20 बजे चेक पोस्ट पहुंची। पुलिस के अनुसार, वहां एक व्यक्ति पुलिस बल को देखकर भागने लगा, जिसे सशस्त्र बल के सहयोग से पकड़ लिया गया। चालक द्वारा बनाए गए वीडियो के सत्यापन के आधार पर पकड़े गए व्यक्ति की पहचान अनिल कुमार के रूप में की गई। इस मामले में मोहनिया थाना कांड संख्या 859/26, दिनांक 27 अक्टूबर 2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 308(3)/308(5) में प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस के अनुसार, मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।


रिपोर्टर