मड़ियाहूं समाधान दिवस में 64 शिकायतें पहुंचीं, छह का मौके पर निस्तारण
- वेद प्रकाश शुक्ल, विशेष संवाददाता
- Nov 21, 2026
- 17 views
अपर जिलाधिकारी (भू-राजस्व) अजय कुमार अम्बष्ट की अध्यक्षता में लगा संपूर्ण समाधान दिवस, अधिकारियों को समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश
मड़ियाहूं (जौनपुर)। तहसील मड़ियाहूं में शनिवार को आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में फरियादियों की समस्याओं को सुनने के लिए प्रशासनिक अधिकारियों ने गंभीरता से पहल की। इस दौरान विभिन्न विभागों से संबंधित कुल 64 प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए, जिनमें से छह शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। शेष शिकायतों को संबंधित विभागों के अधिकारियों को सौंपते हुए निर्धारित समय सीमा के भीतर निस्तारित करने का निर्देश दिया गया।
समाधान दिवस की अध्यक्षता अपर जिलाधिकारी (भू-राजस्व) अजय कुमार अम्बष्ट ने की। उन्होंने एक-एक कर फरियादियों की समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि शिकायतों का निस्तारण प्राथमिकता के आधार पर पूरी पारदर्शिता एवं निष्पक्षता के साथ किया जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि शिकायतों के निस्तारण में किसी भी प्रकार की लापरवाही या उदासीनता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। अधिकारी मौके पर जाकर शिकायतों की वास्तविक स्थिति की जांच करें और शिकायतकर्ताओं को समय से न्याय दिलाना सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि संपूर्ण समाधान दिवस का मुख्य उद्देश्य आम जनता की समस्याओं का त्वरित समाधान करना है। इसलिए सभी अधिकारी प्राप्त शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए उनका गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करें।इस अवसर पर उपजिलाधिकारी मड़ियाहूं अजय कुमार उपाध्याय, तहसीलदार रवि रंजन कश्यप सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।


रिपोर्टर