बेलांव थाना में CSP संचालकों और ज्वैलरी दुकानदारों की सुरक्षा बैठक, पुलिस ने दिए सख्त निर्देश
- कुमार चन्द्र भुषण तिवारी, उप संपादक बिहार
- Nov 21, 2026
- 8 views
बेलांव थाना में CSP संचालकों और ज्वैलरी दुकानदारों की सुरक्षा बैठक, पुलिस ने दिए सख्त निर्देश
रामपुर (कैमूर):-- बेलाव थाना परिसर में शुक्रवार को थाना क्षेत्र के सभी CSP संचालकों एवं ज्वैलरी शॉप के दुकानदारों के साथ एक महत्वपूर्ण सुरक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता थानाध्यक्ष परमहंस कुमार ने की।
बैठक में वरीय पदाधिकारियों से प्राप्त निर्देशों से सभी दुकानदारों को अवगत कराया गया। साथ ही बढ़ती लूट और चोरी की घटनाओं को देखते हुए प्रतिष्ठानों की सुरक्षा को लेकर कई आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
बैठक में दिए गए प्रमुख निर्देश -
थाना पुलिस ने CSP संचालकों को निर्देश दिया कि वे अपने केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरा अनिवार्य रूप से लगवाएं और उसे हमेशा चालू रखें। कैमरे का फोकस प्रवेश द्वार, निकास द्वार और लेन-देन स्थल पर होना चाहिए।
बड़ी राशि के लेन-देन के दौरान विशेष सतर्कता बरतने और नकदी के सुरक्षित रख-रखाव की समुचित व्यवस्था करने को कहा गया। केंद्र खोलने और बंद करने के समय विशेष सावधानी बरतने तथा किसी भी संदिग्ध व्यक्ति की गतिविधि पर नजर रखने का भी निर्देश दिया गया।
वहीं ज्वैलरी दुकानदारों को अपनी दुकानों में उच्च गुणवत्ता वाले सीसीटीवी कैमरे, अलार्म सिस्टम एवं सुरक्षा के अन्य आवश्यक उपकरण लगाने का निर्देश दिया गया।
त्वरित संपर्क के लिए नंबर थाना में जमा करेंगे -
बैठक में सभी संचालकों और दुकानदारों को अपना मोबाइल नंबर थाना में उपलब्ध कराने को कहा गया, ताकि आवश्यकता पड़ने पर त्वरित संपर्क स्थापित किया जा सके।
किसी भी आपातकालीन स्थिति, लूट, चोरी अथवा आपराधिक घटना की आशंका होने पर तत्काल पुलिस को सूचित करने का निर्देश दिया गया।
अंत में सभी उपस्थित CSP संचालकों एवं ज्वैलरी दुकानदारों को सुरक्षा के प्रति जागरूक एवं सतर्क रहने तथा पुलिस प्रशासन के साथ समन्वय बनाकर कार्य करने हेतु निर्देशित किया गया।


रिपोर्टर