दुर्गावती में चोरी की योजना बना रहे तीन आरोपी गिरफ्तार, एक विधि विरुद्ध बालक निरुद्ध; देसी कट्टा व कारतूस बरामद


बहेरा नदी के पास गुप्त सूचना पर पुलिस ने की कार्रवाई, चोरी में इस्तेमाल होने वाले औजार भी मिले


दुर्गावती थाना क्षेत्र में चोरी की योजना बना रहे तीन आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है, जबकि एक विधि विरुद्ध बालक को निरुद्ध किया गया है। पुलिस ने यह कार्रवाई बहेरा नदी के पास गुप्त सूचना के आधार पर की।


पुलिस के मुताबिक, पकड़े गए आरोपियों के पास से एक देसी कट्टा, एक जिंदा कारतूस, लोहे की रॉड और हैक्सा ब्लेड बरामद किया गया है। पुलिस को आशंका है कि आरोपी चोरी की वारदात को अंजाम देने की योजना बना रहे थे।


गिरफ्तार आरोपियों की पहचान कैमूर जिले के कुदरा थाना क्षेत्र के चिलबिली गांव निवासी पीपी कुमार, पिता हरिनाथ खरवार और कोमल कुमार, पिता कानू खरवार के रूप में हुई है। इनके साथ इसी गांव के ऋषि कुमार नामक एक विधि विरुद्ध बालक को भी निरुद्ध किया गया है।


वहीं, चौथे आरोपी की पहचान रोहतास जिले के विक्रमगंज थाना क्षेत्र के कांडा डीह टोला निवासी विक्की बाबू, पिता देवनारायण खरवार के रूप में बताई गई है।


पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि विधि विरुद्ध बालक को निरुद्ध किया गया है। मामले में पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी है।

रिपोर्टर

संबंधित पोस्ट