छठ पूजा पर सासाराम और डेहरी में बदली रहेगी यातायात व्यवस्था
- सुनील कुमार, जिला ब्यूरो चीफ रोहतास
- Nov 12, 2026
- 6 views
रोहतास ।छठ पूजा के दौरान श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए रोहतास पुलिस ने सासाराम और डेहरी शहर की संशोधित यातायात व्यवस्था जारी की है। 15 एवं 16 नवंबर को छठ घाटों पर श्रद्धालुओं की सुरक्षा, भीड़ नियंत्रण और सुगम आवागमन के लिए कई मार्गों पर वाहनों का परिचालन प्रतिबंधित रहेगा। पुलिस अधीक्षक कार्यालय की ओर से बुधवार को जारी यातायात एडवाइजरी में वाहन चालकों और श्रद्धालुओं से निर्धारित मार्गों एवं पार्किंग स्थलों का उपयोग करने की अपील की गई है।
सासाराम में छह स्थानों पर ड्रॉप गेट
सासाराम शहर में छह स्थानों पर ड्रॉप गेट बनाए जाएंगे। यहां से चार पहिया, तीन पहिया और दोपहिया वाहनों का प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। इनमें मुरादाबाद नहर से उत्तर सामुदायिक भवन के पास, बाजार समिति गेट, पोस्ट ऑफिस चौक, लालगंज नहर पुल से उत्तर अराध्या प्लाई बोर्ड के सामने, दुर्गाकुंड जाने वाले रास्ते के सामने मुख्य सड़क तथा महिला बटालियन मोड़ शामिल हैं।
घाटवार निर्धारित किए गए पार्किंग स्थल
बेदा तालाब छठ घाट जाने वाले श्रद्धालुओं के वाहनों के लिए बेदा बस स्टैंड और आईटीआई कॉलेज में पार्किंग की व्यवस्था की गई है। मुरादाबाद नहर छठ घाट के लिए करगहर मोड़ की ओर से आने वाले वाहनों को बाजार समिति तथा बाराडीह की ओर से आने वाले वाहनों को सामुदायिक भवन के पास पार्क करना होगा।वहीं, लालगंज नहर छठ घाट जाने वाले श्रद्धालुओं के लिए पोस्ट ऑफिस चौक से आने वाले वाहनों की पार्किंग सब्जी मंडी में निर्धारित की गई है। मोकर की ओर से आने वाले वाहनों को अराध्या प्लाई बोर्ड के सामने खाली जमीन पर पार्क करना होगा। दुर्गाकुंड की ओर जाने वाले वाहनों के लिए फजलगंज स्टेडियम में पार्किंग की व्यवस्था की गई है।
डेहरी में भी बदले गए वाहनों के मार्ग
डेहरी नगर थाना क्षेत्र में भी छठ पूजा को लेकर यातायात व्यवस्था में बदलाव किया गया है। पाली रोड से आने वाले श्रद्धालुओं को इस मार्ग पर किसी भी प्रकार के वाहन से आने की अनुमति नहीं होगी। उनके लिए वैकल्पिक मार्ग के रूप में पश्चिम मोहन बिगहा, इस्लामगंज, अंबेडकर चौक, रामारानी मोड़ और तारबंगला मोड़ होते हुए आईटीआई एनीकट में बनाए गए पार्किंग स्थल तक जाने की व्यवस्था की गई है।इसी तरह अंबेडकर चौक से डेहरी बाजार की ओर किसी भी प्रकार के वाहन को थाना मोड़ होते हुए छठ घाट जाने की अनुमति नहीं होगी। ऐसे वाहनों को अंबेडकर चौक से रामारानी मोड़ होते हुए तारबंगला मोड़ और एनीकट पार्किंग स्थल की ओर जाना होगा। तारबंगला मोड़ से थाना चौक की ओर भी वाहनों का परिचालन प्रतिबंधित रहेगा। इस मार्ग के वाहनों को एनीकट स्थित पार्किंग स्थल की ओर भेजा जाएगा।रोहतास पुलिस ने आमजनों से यातायात संबंधी दिशा-निर्देशों का पालन करने और प्रशासन को सहयोग करने की अपील की है, ताकि लोक आस्था का महापर्व छठ शांतिपूर्ण, सुरक्षित और हर्षोल्लास के साथ संपन्न हो सके।


रिपोर्टर