दुर्गा पंडाल में मिशन शक्ति टीम ने महिलाओं को किया जागरूक

हेल्पलाइन नंबरों और सरकारी योजनाओं की दी जानकारी


बरसठी (जौनपुर)। थाना बरसठी की एंटी रोमियो टीम और मिशन शक्ति टीम ने बुधवार को क्षेत्र के रायपुर गांव स्थित दुर्गा मंदिर परिसर में महिलाओं और बच्चियों को मिशन शक्ति फेज-6.0 के तहत जागरूक किया। टीम ने दुर्गा पंडाल में पहुंचकर महिलाओं और बच्चियों को एकत्रित किया और उनकी सुरक्षा से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां दीं। इस दौरान किसी भी आपात स्थिति में सहायता प्राप्त करने के लिए विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों के बारे में बताया गया।

टीम ने पुलिस आपातकालीन सेवा के लिए 112, स्वास्थ्य सेवा के लिए 102 और 108, वूमेन पावर लाइन 1090, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098, महिला हेल्पलाइन 181, मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 और साइबर अपराध की शिकायत के लिए 1930 नंबर की जानकारी दी। महिलाओं और बच्चियों को इन नंबरों का जरूरत पड़ने पर उपयोग करने के लिए प्रेरित किया गया।

इसके साथ ही टीम ने विधवा पेंशन योजना, वृद्धावस्था पेंशन योजना, सुकन्या समृद्धि योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना, मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना, नशा मुक्ति भारत अभियान और प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना सहित सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के बारे में भी जानकारी दी। टीम ने महिलाओं और बच्चियों को अपनी सुरक्षा के प्रति सजग रहने तथा किसी भी समस्या या उत्पीड़न की स्थिति में संबंधित हेल्पलाइन नंबरों पर सूचना देने के लिए जागरूक किया।

रिपोर्टर

संबंधित पोस्ट